-भाजपा ने सभी मंडलों के बूथों पर पं. उपाध्याय की पुण्यतिथि मनाई
भिण्ड, 11 फरवरी। भारतीय जनसंघ के प्रेरणा स्त्रोत एकात्म मानववाद के विचारक पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिले के समस्त 29 मंडलों के 1480 बूथ पर समर्पण दिवस के रूप में मनाई। उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए आजीवन सहयोग निधि का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन धनवंतरि धर्मशाला में भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अवधेश सिंह कुशवाह एवं भाजपा सुभाष मंडल द्वारा किया गया। अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष प्रदीप सिंह भदौरिया टीपू ने की।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र नरवरिया ने कहा कि भारतीय जन संघ के प्रेरणा स्त्रोत पं. दीनदयाल उपाध्याय का संपूर्ण जीवन संगठन और राष्ट्र और समाज सेवा के लिए पूर्ण रूप से समर्पित रहा। उन्होंने भारतीय जन संघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी के संगठन को मजबूत करने के लिए गांव-गांव में निष्ठावान कार्यकर्ताओं का वटवृक्ष बनाकर तैयार किया आज पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बडी पार्टी बनी है। उन्होंने कहा कि पं. उपाध्याय का विचार था की गरीब से गरीब व्यक्ति का विकास और उन्हें किस किस तरह आगे की पंक्ति में खडा किया जाए। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली भाजपा की सरकारें उनके अंत्योदय की विचारधारा को लेकर गरीब कल्याणकारी योजनाओं के साथ आत्मनिर्भर विकास की दिशा से जोडने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आजीवन सहयोग की निधि एक पार्टी का महत्वपूर्ण अभियान है इस अभियान को हमें मजबूत प्रदान करने के लिए हर व्यक्ति से सहयोग राशि लेकर उनका सम्मान करें।
भाजपा गोहद मंडल के मां गायत्री विद्या मन्दिर किला रोड गोहद में एडवोकेट विवेक जैन की अध्यक्षता एवं रामबाबू उपाध्याय एवं जिला उपाध्यक्ष निहाल सिंह राणा के मुख्य आतिथ्य में किया गया। भाजपा वानखंडेश्वर मंडल द्वारा कार्यक्रम का आयोजन गौरी का किनारा स्थित कालेश्वर महादेव मंदिर के के पास जिला उपाध्यक्ष अनिल सिंह कुशवाह मेहरौली के आतिथ्य एवं मंडल अध्यक्ष प्रिंस दुबे की अध्यक्षता में किया गया। भिण्ड ग्रामीण मंडल शिवनाथ गार्डन लश्कर रोड में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि जिला मंत्री रश्मि खटीक एवं जडेल सिंह कुशवाह रहे एवं अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष दीपेश सिंह तोमर ने की। लहार क्षेत्र के दबोह मंडल द्वारा गेस्ट हाउस दबोह में कार्यक्रम का आयोजन नवल किशोर मिश्रा एवं कप्तान सिंह कौरव के आतिथ्य एवं मंडल अध्यक्ष देवेंद्र उपाध्याय की अध्यक्षता में किया गया। इसके अलावा अमायन, मछण्ड, मेहगांव, चितौरा, मालनपुर मण्डलों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।