स्वच्छता अपनाकर पर्यावरण जागरूकता में छात्र करें सहयोग: राजेन्द्र सिंह

ग्वालियर, 31 जनवरी। आरोग्य भारती ग्वालियर द्वारा आयोजित स्वस्थ जीवन शैली, स्वस्थ दिनचर्या स्वच्छता एवं पर्यावरण जन जागरुकता पर छात्रों को संबोधित करते हुए पर्यावरण मित्र एवं प्रांत पर्यावरण संयोजक राजेन्द्र सिंह ठाकुर ने कहा कि स्वस्थ जीवन शैली से स्वस्थ भारत स्वच्छ भारत का निर्माण यह आरोग्य भारती का उद्देश्य है। हमारा अनुशासित जीवन, सकारात्मक सोच संतुलित भोजन नियमित दिनचर्या, स्वच्छता, कठिन परिश्रम आपको बहुत सफलता प्रदान करेगा। आप सभी अच्छे विचार रखें। अच्छा सोचें। अच्छा बोलें। एक दूसरे का सहयोग करें। कभी हार न मानें। एक बडा लक्ष्य सामने रखकर उसी दिशा में पूरा फोकस करना चाहिए। उन्होंने छोटी-छोटी बातों से विस्तार से समझाया। जिससे छात्रों को बहुत महत्वपूर्ण जानकारी मिली। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान धन्वंतरि एवं सरस्वती और भारत मां को पुष्प अर्पित कर की गई। और तीन बार ओम ध्वनि का उच्चारण किया गया।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता हम सबके लिए बहुत आवश्यक है। कहा गया है कि जहां रहती है सदा सफाई, कहते वहां लक्ष्मी आई। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण जन जागरुकता अभियान के अंतर्गत तीन पी पर जानकारी दी पहला पी- पौधारोपण- वर्ष में न्यूनतम एक पौधा लगाकर उसकी उचित देखभाल करना। दूसरी पी- पानी बचाएं। जल है तो जग है। पानी का उचित उपयोग करना। तीसरा पी- पॉलीथिन मुक्त नगर/ गांव बनाएं। पन्नी का कम-से-कम उपयोग करना। पन्नी को खाली बोतल में भरकर ईको ब्रिक बनाएं और पर्यावरण बचाएं। पर्यावरण संरक्षण हम सबकी जिम्मेदारी है।
आरोग्य भारती के अध्यक्ष एमके सारस्वत ने अपने उद्बोधन में कहा कि छात्र अपने विचार सकारात्मक रखें। हमेशा प्रसन्न होकर भगवान धन्वंतरि का ध्यान रखें और स्वस्थ जीवन शैली को अपनाएंं। उन्होंने विस्तार से स्वास्थ्य संबंधी सुझाव और जानकारी उपलब्ध कराई। प्राध्यापक श्याम सिंह तोमर ने कहा कि आरोग्य भारती आरोग्य पर ध्यान देती है। हम सभी हमेशा स्वस्थ जीवन शैली को अपनाएं। नियमित व्यायाम कर तन से मन से स्वस्थ रहकर अपना काम करें। विद्यालय की वरिष्ठ दीदी रेखा कुलश्रेष्ठ ने आरोग्य भारती के इस अभियान का स्वागत किया और सभी का आभार धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर सरस्वती शिशु/ विद्या मंदिर बादलगढ किलागेट ग्वालियर के आचार्य परिवार एवं बडी संख्या में भैया बहिन उपस्थित रहे।