पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारियां पूर्ण, निकलेगी घटयात्रा
भिण्ड, 31 जनवरी। मेडिटेशन गुरु उपाध्याय विहसंत सागर महाराज, मुनि विश्व साम्य सागर महाराज के ससंघ सानिध्य में मेला ग्राउण्ड में एक से पांच फरवरी तक होने वाले भगवान महावीर स्वामी चौबीस जिनविम्ब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा गजरथ महोत्सव के शुभारम्भ के अवसर पर एक फरवरी शनिवार को सुबह आठ बजे किला गेट से घट यात्रा निकाली जाएगी। जिसमें जैन समाज की सामाजिक संगठनों की महिलाएं रंग-बिरंगी साडियां पहनकर हाथों में कलश लेकर बैंड बाजों के साथ भक्ति करते हुए चलेंगी।
मेडिटेशन गुरू उपाध्याय विहसंत सागर महाराज ने कहा कि यह पंच कल्याणक बरासों में भगवान महावीर स्वामी चौबीस जिनविम्ब प्रतिमाओं का हो रहा है। जहां पर जैन धर्म के 24वे तीर्थंकर भगवान विराजमान होंगे। उन्होंने कहा कि हमारे गुरु समाधिस्थ गणाचार्य विराग सागर महाराज का सपना था कि बरासों जी मे चौबीसी विराजमान हो, आज गुरु का यह सपना पूरा होने जा रहा है।
माता-पिता का गोद भराई कार्यक्रम
पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में भगवान महावीर स्वामी के माता-पिता बने विजय गोयल, रश्मि गोयल आगरा वालों की गोद भराई कार्यक्रम का आयोजन किला गेट पर सायंकाल किया गया। जहां पर कार्यक्रम की सौधर्म इंद्र बने राजमल जैन इंजीनियर, किरण जैन ग्वालियर एवं कुबेर इंद्र बने अनिल जै, मोना जैन का सम्मान किया गया। इस अवसर पर समाज की महिला मंडल, बालिका मंडल, युवा मंडल बडी संख्या में उपस्थित थे।