अपर कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने महिला सशक्तिकरण पर केन्द्रित जागरूकता रैली को दिखाई हरी झण्डी

भिण्ड, 04 दिसम्बर। हम होंगे कामयाब पखवाडा अंतर्गत कलेक्ट्रेट परिसर में बाल विवाह मुक्त भारत, जेण्डर असमानता और महिला सशक्तिकरण पर केन्द्रित जागरुकता रैली का आयोजन किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में मुख्य कार्यपालिका अधिकारी जिला पंचायत जगदीश कुमार गोमे एवं अपर कलेक्टर एलके पांडे, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार जैन द्वारा हरी झण्डी दिखाकर रैली को रवाना किया गया, रैली में महिलाओं द्वारा शादी नहीं पढ़ाई, हम होंगे कामयाब, भिक्षा नहीं शिक्षा, बेटी नहीं किसी से कम, बेटी में है देश का दम नारों के साथ जागरुकता रैली कलेक्ट्रेट परिसर से होती हुई निकली गई।

तत्पश्चात सभी जिलाधिकारी और रैली की प्रतिभागी महिलाओं द्वारा घरेलू हिंसा उन्मूलन, महिला सशक्तिकरण के संबंध में तैयार सेल्फी पॉइंट पर सेल्फी लिया गया और बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ ली गई। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालिका अधिकारी जगदीश कुमार गोमे ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज का दौर महिलाओं का दौर ही है, महिला हर क्षेत्र में आगे है, पुरुषों की बराबरी की बात तो छोडिए बहुत से ऐसे क्षेत्र जहां महिला पुरुषों से भी आगे हैं और इस तथ्य से बिल्कुल भी इनकार नहीं किया जा सकता कि आज महिलाएं पुरुषों से न केवल बराबर अपितु आगे भी है। आज ऐसा कोई भी क्षेत्र नहीं है जहां महिलाओं ने अपनी मेहनत, लगन, साहस और कर्तव्य निष्ठा से परचम ना लहराया हो, बात चाहे अंतरिक्ष की हो या धरती की, चाहे राजनीति की हो या प्रशासन की, सभी जगह महिलाओं का लोहा माना गया है।
अपर कलेक्टर एलके पाण्डे ने प्रतिभागियों को उत्साहित करते हुए कहा कि आज हर क्षेत्र में आपके सहयोग से ही प्रगति संभव है, बिना महिला सशक्तिकरण और आधी आबादी के प्रयासों से प्रगति संभव नहीं है । जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय जैन ने प्रतिभागियों से अपेक्षा की कि वह अपने क्षेत्र में अपने आस-पास वातावरण में महिलाओं के लिए सौहार्दपूर्ण वातावरण निर्माण करने में सहयोग करेंगे और महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए शासन की विभिन्न योजनाओं से संलग्न करें।
बाल संरक्षण अधिकारी अजय सक्सेना ने बताया कि हम होंगे कामयाब पखवाडे के तहत 10 दिसंबर तक विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिनका प्रमुख उद्देश्य जेंडर असमानता महिला सशक्तिकरण और महिलाएं हितैषी वातावरण का निर्माण करना है। कार्यक्रम में महिला बाल विकास विभाग से लेखपाल आनंद मिश्रा, विमलेश चौहान, दीपेन्द्र शर्मा, कमलेश दुबे एवं कलेक्ट्रेट परिसर के विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी कर्मचारी भी उपस्थित है।