उत्साह और उमंग के साथ मेहगांव में निकाली गई विशाल तिरंगा यात्रा

– नवकरणीय ऊर्जा मंत्री ने तिरंगा रैली को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना
– तिरंगा रैली में गूंजे वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारे, लोगों को दिया अभियान से जुडने का संदेश

भिण्ड, 14 अगस्त। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ में सभी की सहभागिता हो इसके लिए नगर परिषद मेहगांव में उत्साह और उमंग के साथ लोगों में देशभक्ति का संचार करने के उद्देश्य से विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। साथ ही लोगों को हर घर तिरंगा अभियान में अपनी सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया गया। तिरंगा यात्रा को नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला के ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को तिरंगा सम्मान की शपथ दिलाई। तिरंगा रैली में कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव भी बच्चों के साथ तिरंगा फहराते हुए चले।

नवीनीकरण ऊर्जा मंत्री ने रैली के उद्देश्य को बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान भावना को समर्पित करने एवं कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से वीरों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित करने की भावना से यह रैली का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने सभी लोगों से 15 अगस्त तक अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आव्हान किया।
जिले के सभी नागरिकों के दिलों में देशभक्ति की भावना जगाने और तिरंगे से जुडाव को गहरा करने के उद्देश्य से मेहगांव नगर के सीएम राइज स्कूल मेहगांव, मौ रोड तिराहा होते हुए सब्जी मण्डी तक सम्मान पूर्वक राष्ट्रीय ध्वज के साथ विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। साथ ही जिले के सभी नागरिकों से 15 अगस्त तक अपने घरों पर गर्व से तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया, कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव, एसडीएम मेहगांव सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, महिलाओं एवं शासकीय/ अशासकीय विद्यालयों के शिक्षक, छात्र-छात्राओं ने अपनी सहभागिता दी।