– चंबल प्रदेश गठन की मांग को लेकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लिखा पत्र
भिण्ड, 26 जुलाई। राष्ट्रीय हनुमान सेना पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पृथक चंबल प्रदेश गठन की मांग के संयोजक नरसिंह कुमार चौबे ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखकर चंबल प्रदेश गठन की मांग को संसदीय पटल पर रखने का अनुरोध किय गया है।
प्रेस को जारी विज्ञप्ति में नरसिंह कुमार चौबे ने बताया कि चंबल नदी का उदय मालवा मप्र में हुआ है। मालवा से चली चंबल नदी राजस्थान और मध्य प्रदेश की सीमा पर बांधों का निर्माण होने से किसानों की समस्याओं का निदान हुआ और किसान खुशहाल हुआ और चंबल अंचल में आकर चंबल नदी का अस्त हुआ। यहां पर चंबल नदी का पानी ऐसा है कि किसान वर्षा के पानी पर निर्भर रहता है जबकि अंचल में पांच-पांच नदियों का जलसंगम है। क्वारी, चंबल, यमुना और पहुज जलसंगम पर पंचनदा बांध की परियोजना 25 अक्टूबर 1983 में बनाई गई थी। केन्द्र सरकार से योजना के लिए अरबों रुपए का बजट आता रहा है, लेकिन पचनदा बांध परियोजना पर काम 41 साल बीत जाने के बाद आज तक शुरू नहीं हो पाया है।
चौबे ने बताया कि अगर पचनदा बांध का निर्माण हो जाता है तो चंबल अंचल में भूमि कटाव कम होता, जमीन का वाटर लेवल कम नहीं होता। सिंचाई, बिजली समस्या का समाधान होता, चंबल अंचल में नदियों का पानी ऐसा है कि किसान वर्षा पर निर्भर रहता है और किसान कर्ज में डूबा रहता है। किसान खुशहाल होगा तो देश खुशहाल होगा। उन्होंने बताया कि चंबालंचल की समस्या और निदान के मुख्य बिन्दुओं को लेकर राष्ट्रीय हनुमान सेना पार्टी द्वारा 27 दिसंबर 1999 से पृथक चंबल प्रदेश गठन की मांग की गई है। इसमें उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान के सीमावर्ती अंतिम छोर पर 22 जिलों को मिलकार पृथक चंबल प्रदेश गठन की मांग की गई है। उप्र से आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी और ललितपुर। मप्र से गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, दतिया, ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर और भिण्ड। राजस्थान से धौलपुर, करौली, सवाई माधौपुर, कोटा, बारा, झालावाड जिले शामिल हैं।