पद में अभिमान और दायित्व में कर्तव्य बोध होता है : जैन

– हिन्दी भाषा पर गर्व करें और इसे हर कीमत पर अपनाएं : कामना
– भारत विकास परिषद शाखा भिण्ड का दायित्व ग्रहण समारोह आयोजित

भिण्ड, 06 जुलाई। पद में अभिमान और दायित्व में कर्तव्य बोध होता है, इसलिए भारत विकास परिषद पद नहीं दायित्व की जिम्मेदारी अपने सदस्यों को सौंपती है, जिससे कि सदस्य को अपने दायित्व निर्वहन की जिम्मेदारी का हमेशा अहसास रहे। यह विचार भारत विकास विकास प्रसाद के मप्र उत्तर प्रांतीय अध्यक्ष अमित जैन ने अपने अध्यक्षीय उदबोधन के दौरान व्यक्त किए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भिण्ड जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया, शपथ विधि अधिकारी प्रांतीय संस्कार प्रमुख श्रवण पाठक और प्रांतीय संयोजक डॉ. हिमांशु बंसल, नवनियुक्त अध्यक्ष कमलेश सैंथिया मंचासीन रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित जैन ने भारत विकास परिषद की रीति नीति पर प्रकाश डाला और जन समुदाय से समाज कल्याण हेतु भारत विकास परिषद का हर संभव सहयोग करने का आह्वान किया।
बतौर मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया ने कहा कि भारत विकास परिषद एक सामाजिक उत्थान के लिए समर्पित संगठन है जो समाज के हर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कार्यरत है। उन्होंने कहा कि हमें अपने बच्चों को भारतीय संस्कृति और संस्कारों की शिक्षा देना चाहिए। बच्चों को हिन्दी का पठन पाठन अवश्य कराएं, क्योंकि हिन्दी भाषा भारत की आत्मा में बसती है। कार्यक्रम को शपथ विधि अधिकारी श्रवण पाठक और डॉ. हिमांशु बंसल ने भी संबोधित किया और नवनिर्वाचित कार्यकारिणी और सदस्यों को दायित्व की शपथ भी दिलवाई। कार्यक्रम को नवनियुक्त अध्यक्ष कमलेश सैंथिया ने संबोधित करते हुए परिषद के कार्यों पर प्रकाश डाला। अतिथि स्वागत भाषण और वार्षिक प्रतिवेदन शाखा उपाध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा ने प्रस्तुत किया। शाखा सचिव राजमणि शर्मा ने आभार व्यक्त किया और संचालन संस्कृति प्रकल्प संयोजक गणेश भारद्वाज ने किया।