क्षेत्र के विकास में कमी नहीं आने दी जाएगी : संजीव सिंह

विधायक ने वार्ड 25 में सीसी सडक़ एवं नाला निर्माण का किया भूमिपूजन

भिण्ड, 04 अप्रैल। क्षेत्र के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। जो विकास कार्य पूर्ण नहीं हुए हैं उन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराए जाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदेश सरकार विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने देगी। यह बात विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने सोमवार को वार्ड क्र.25 में मुख्य रोड से जामना हनुमान मन्दिर तक 1.59 करोड़ से बनने वाली सीसी सडक़ और नाला निर्माण का भूमिपूजन करते हुए कही। इस दौरान विधायक ने वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य एक करोड़ 59 लाख की लागत से निर्मित होने वाले नाली निर्माण व सीसी रोड का भूमिपूजन किया।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए वह कृत संकल्पित हैं। बिना किसी भेदभाव के जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्रों को मिले, इसके लिए वे सदैव तत्पर हैं। सरकार ने विकास के द्वार खोले हैं। आने वाले समय में भी विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से क्षेत्र में करवाए जाने वाले विकास कार्यों की प्राथमिकता के अनुसार सूची बनाने की बात कही। इस दौरान विधायक ने आमजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित को निर्देशित किया। कार्यक्रम में नगर पालिका के विधायक प्रतिनिधि सुनील बाल्मीकि, शैलेन्द्र सिंह, शैलेन्द्र रितोरिया, रामसिया राठौर सहित वार्डवासी मौजूद रहे।