किसान मोर्चा लगाएगा हर पंचायत में किसान चौपाल : देवेन्द्र

भिण्ड, 03 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा प्रदेशभर में किसानों के बीच किसान पंचायत का आयोजन कर रही है। इसी बीच मेहगांव विधानसभा में भाजपा के स्थापना दिवस से किसान पंचायत का शुभारंभ किया जाएगा। इस प्रदेश व्यापी कार्यक्रम को लेकर किसान मोर्चा द्वारा मेहगांव में प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया।
प्रेसवार्ता में किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष विजय दैपुरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि मेहगांव विधानसभा में किसान मोर्चा छह अप्रैल भाजपा के स्थापना दिवस से किसान चौपाल एवं ध्वज यात्रा प्रारंभ करेगी। मेहगांव विधानसभा के कार्यक्रम संयोजक एवं भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य उपेन्द्र सिंह भदौरिया रज्जन भैया रहेंगे। जिनके नेतृत्व में यह यात्रा पूरे विधानसभा में चलेगी।
जिलाध्यक्ष नरवरिया ने बताया कि इस यात्रा में प्रतिदिन सात पंचायतों में कार्यक्रम होंगे, इसी प्रकार सभी पंचायतों में भाजपा की केन्द्र सरकार और राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं के बारे में चर्चा की जाएगी। प्रेसवार्ता में भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के जिला संयोजक नीरज शर्मा, मण्डल अध्यक्ष भाजपा गजेन्द्र भदौरिया, युवामोर्चा जिला महामंत्री अतिराज नरवरिया, भाजयुमो मण्डल अध्यक्ष अस्वनी त्यागी, एनजीओ प्रकोष्ठ के मण्डल संयोजक अनूप लहारिया आदि उपस्थित रहे।