महिलाओं के लिए विधिक जागरुकता शिविर आयोजित

नालसा एवं राष्ट्रीय महिला आयोग के समन्वय से लगाया गया शिविर

भिण्ड, 11 मार्च। मप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर तथा प्रधान जिला न्यायाधीश/ अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भिण्ड के आदेशानुसार एवं जिला न्यायाधीश/ सचिव सुनील दण्डौतिया के मार्गदर्शन में शनिवार को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राष्ट्रीय महिला आयोग के संयुक्त तत्वावधान में महिलाओं से संबंधित कानून और मुद्दों पर महिला सशक्तिकरण हेतु विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन जनपद पंचायत कार्यालय परिसर मेहगांव में किया गया।
कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी भिण्ड सौरभ कुमार दुबे ने उपस्थितजनों को महिलाओं से संबंधित कानूनों जैसे घरेलू हिंसा से महिला संरक्षण अधिनियम 2005, दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006, नि:शुल्क कानूनी सहायता योजना, आईपीसी व भादंप्रसं में महिलाओं से संबंधित प्रावधानों आदि के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी देते हुए बताया कि महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में आवश्यक रूप से जागरुक होना चाहिए, जिससे कि वे समाज व परिवार में उनके विरुद्ध किसी भी प्रकार का दुव्र्यवहार या अन्याय को बर्दाश्त न करते हुए अपने अधिकारों की प्राप्ति हेतु वांछित प्रयास करें तथा महिलाओं के सामाजिक उत्थान में भागीदार बनें। उन्होंने नि:शुल्क विधिक सहायता योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि महिलाएं नि:शुल्क विधिक सहायता हेतु नियमानुसार पात्रता रखती हैं, जिसका लाभ वे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में उपस्थित होकर/ पत्र के माध्यम से या नालसा की हेल्पलाइन नं.15100 पर संपर्क कर प्राप्त कर सकती हैं।

इस अवसर पर रिसोर्स पर्सन के रूप में उपस्थित एमजेएस कॉलेज, भिण्ड की सहायक प्राध्यापक डॉ. सुधा कुमारी नरवरिया ने महिलाओं को संबोधित करते हुए बताया कि महिलाओं को मैटरनिटी लाभ का अधिकार, गिरफ्तारी से संबंधित सुरक्षात्मक का अधिकार, समान परिश्रम अधिनियम 1976 के अंतर्गत समान कार्य के लिए समान मुआवजे का अधिकार आदि प्राप्त है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों का उत्तर सरलतम भाषा में दिया।
अंत में महिलाओं से संबंधित कानूनों की गहन जानकारी हेतु बुकलेट्स/ पेम्प्लेटस आदि वितरीत किए गए, इसके साथ ही महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं के बारे में पूछताछ की तथा उनके निराकरण हेतु तहसील विधिक सेवा समिति मेहगांव को निर्देशित भी किया गया। कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी महिला बाल विकास मेहगांव रंजीत कुशवाह, पीएलव्ही गणेश पाराशर एवं तहसील विधिक सेवा समिति मेहगांव के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।