मरीजों को शहर में ना जाते हुए गांव में ही मिलेंगी स्वास्थ्य सेवाएं, डॉक्टरों की होगी नई पदस्थापना
राज्यमंत्री भदौरिया ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का जताया आभार
भिण्ड, 09 दिसम्बर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, प्रदेश सरकार के नगरीय प्रशासन एवं आवास राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया के प्रयासों से कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मेहगांव विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति प्रदान करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सिविल अस्पताल, उप स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की स्थापना का प्रस्ताव पारित किया है। जिसमें ग्रामीण अंचल भी शामिल हैं।
नगरीय प्रशासन एवं आवास राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया ने कहा कि मेहगांव के विकास को गति प्रदान करना ही उनकी प्राथमिकता है, क्षेत्र के लोगों को अच्छी से अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं मिलें, जिसके लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के ग्राम पंचायत मानगढ़, अकलौनी, निवसाई को शामिल किया है, ताकि मरीजों को सारी सुविधाएं केन्द्रों पर उपलब्ध हो।
मंत्री भदौरिया ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के लिए संवेदनशील है कि जिस प्रकार कोरोनाकाल में अस्पताल उप स्वास्थ्य केन्द्रों में मरीजों को सारी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं, इसी तरह ग्रामीण अंचलों में भी सब सुविधाएं उपलब्ध होंगी। विशेषज्ञ डॉक्टर और नि:शुल्क दवाईयां एवं जांच भी कराई जाएगी। ताकि मरीजों को शहर की तरफ ना जाते हुए ग्रामीण क्षेत्र में ही उनको सब सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने सर्वसमाज की जनता की ओर से मिली स्वास्थ्य सेवाओं के ऐतिहासिक निर्णय के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया है।