भिण्ड, 09 सितम्बर। मेहगांव विधानसभा के अमायन पंचायत में जिला संगठन मंत्री पूरन सिंह नागर की अध्यक्षता में एक नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर पार्टी वरिष्ठ नेता विवेक शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए दिल्ली और पंजाब में चल रहे आम आदमी पार्टी के विकास कार्यों से अवगत कराया तथा अरविंद केजरीवाल की कट्टर ईमानदार छवि, विचारों और सिद्धांतों को सबके सामने रखा। साथ ही पार्टी से जुडऩे के लिए आग्रह किया और सदस्यता अभियान भी चलाया।
इस सदस्यता अभियान में मुख्य रूप से भाजपा में लम्बे समय से उपेक्षा झेल रहे रामप्रकाश कुशवाह ने आखिरकार तंग आकर अपने साथियों सहित भाजपा छोड़ आम आदमी पार्टी की टोपियां पहन कर सदस्यता ग्रहण की तथा क्षेत्र में झाडू चलाने का संकल्प लिया। उन्होंने बताया कि मैं कई दिनों से देख रहा था। भाजपा अब चाटुकारों, अमीरों, बाहुबलियों और रसूखदारों लोगों की पार्टी बन कर रह गई है। पार्टी आज अपने ही मूल सिद्धांतों से भटक चुकी है। हम जैसे गरीब लोगों की पार्टी को अब आवश्यकता नहीं है। पिछले 10 वर्षों से उपेक्षा हो रही थी। इसी उपेक्षा के चलते मेरा पार्टी से मोह भंग हो चुका है और केजरीवाल जी की ईमानदारी छवि से प्रभावित होकर आज आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर रहा हूं। नुक्कड़ कार्यक्रम को जिला सचिव धीरज गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष अमित सिंह तोमर, रविभूषण दुबे, अभिलाख सिंह कुशवाह ने भी संबोधित किया। संबोधन में सभी ने दिल्ली में चल रहे आम आदमी पार्टी के विकास मॉडल को जनता के बीच रखा। साथ ही चलाए गए सदस्यता अभियान में कुछ लोग सक्रिय सदस्य बने तथा कुछ सामान्य सदस्य बन कर पार्टी से जुड़े। कार्यक्रम में एक सैकड़ा से अधिक लोग शामिल हुए।