बैठक थी कांग्रेस जोड़ो की, नारे लगे कांग्रेस तोड़ो के
भिण्ड, 09 सितम्बर। आदर्श वाटिका में कांग्रेस पार्टी की विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें सेक्टर के सभी मण्डल अध्यक्ष एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में विशेष रूप से कांग्रेस के जिला प्रभारी वासुदेव शर्मा, सह प्रभारी रामकिशोर गुर्जर, क्षेत्रीय विधायक मेवाराम जाटव, ब्लॉक अध्यक्ष आशीष गुर्जर के अलावा कई वरिष्ठ कांग्रेसी जन उपस्थित थे। बैठक में किसान कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष रविन्द्र बरार एवं कांग्रेस के जिला महामंत्री नरोत्तम चौरसिया ने कहा कि हमें पार्टी में काम करते हुए वर्षों गुजर गए, मगर हमारी कोई इज्जत नहीं होती है। हमें सम्मान नहीं दिया जाता है। इसीलिए हम अपने सभी पदों एवं पार्टी से इस्तीफा देते हैं। पार्टी में हमेशा नए कार्यकर्ताओं का सम्मान होता है। किसान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रविन्द्र बरार के साथ दो दर्जन से ज्यादा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने इस्तीफा दिया है। बैठक के साथ ही यात्रा भी निकाली गई, लेकिन यहां भी कार्यकर्ताओं से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। बैठक उपरांत पदाधिकारियों का फेसबुक पर इस्तीफे का दौर शुरू हो गया। हालांकि जिम्मेदार कांग्रेसजन ने इस्तीफा प्राप्त होने की बात स्वीकार नहीं की है। लेकिन फेसबुक मंच पर इस्तीफे की खबर ने राजनीतिक माहौल जरूर गरमा दिया है।
इनका कहना है-
हर व्यक्ति निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र है, पहले उन्हें पार्टी स्तर पर बात करनी थी, लेकिन इस्तीफा का पार्टी की बैठक से कोई सरोकार व संबंध नहीं है। बैठक सफलता पूर्वक संपन्न हुई, हमारे वरिष्ठजनों के जो निर्देश मिले हैं, उसका पालन किया जाएगा।
आशीष गुर्जर, अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गोहद