मास्क नहीं तो प्रवेश नहीं, सोशल डिस्टेंसिंग के बारे में दी जानकारी
भिण्ड, 11 जनवरी। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत 15 से 18 वर्ष के किशोरों के शत प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने के लिए उत्कृष्ट विद्यालय की एनएसएस इकाई ने रैली निकालकर कोरोना से बचाव के लिए पात्र लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया।
रैली क्रमांक एक स्कृल से हॉस्पिटल रोड, परेड चौराहा से शास्त्री चौराहे होते हुए वापस स्कूल परिसर में समाप्त हुई। इस दौरान राहगीरों को मास्क लगाने और सामाजिक दूरी बनाने की भी सलाह दी गई तथा परिवार के सभी पात्र व्यक्तियों को कोविड-19 का टीका लगवाने हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य पीएस चौहान एवं रासेयो कार्यक्रम अधिकारी धीरज सिंह गुर्जर के मार्गदर्शन में किया गया। प्राचार्य ने कहा कि टीका लगवाना कोविड से सुरक्षित रहने के लिए बहुत आवश्यक है। उत्कृष्ट विद्यालय के पात्र बच्चों का शत प्रतिशत वैक्सिनेशन हो चुका है। रैली में स्वयं सेवक हर्षित यादव, लल्लन वर्मा, मधु बंसल, रौनक राजावत, खुशी बंसल, पल्लवी नरवरिया, अमन वर्मा, अनुभा जैन, सीमा प्रजापति, सलौनी नेगी, तनिष्का वर्मा, गिर्राज व्यास, अभिमन्यु सिंह आदि ने सहभागिता की।