भिण्ड, 11 जनवरी। मौसम का मानसून दिन व दिन बिगड़ता ही जा रहा है और सर्दी का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। वाक्या सोमवार की रात नौ बजे के दरमियान का है, जब नगर के हृदय स्थल गणेश चौक पर एक 45 वर्षीय महिला एक बन्द दुकान के बाहर शॉल ओढ़े ठण्ड में सिकुड़ी हुई सर के नीचे कपड़ो से भरा बैग रखे लेटी थी। तब वहीं पास में खड़े कुछ युवा समाजसेवियों ने पत्रकार अर्पित गुप्ता को महिला के बारे में अवगत कराया। समाजसेवी युवाओं व अर्पित गुप्ता ने जब मौके पर उस महिला से बातचीत करने की कोशिश की तो महिला गुमसुम सी नजर आई। जिसके बाद अर्पित गुप्ता ने थाना दबोह में पदस्थ पुलिस आरक्षक राजू यादव को फोन कर ठण्ड में कांपती हुई महिला की जानकारी दी। जिस पर तत्काल एक्शन लेते हुए आरक्षक राजू यादव मौके पर पहुंचे और इस भीषण सर्दी के मौसम में उस महिला को एक आशियाने की जरूरत को समझते हुए उन्होंने बांके बिहारी वृद्धाश्रम की संचालिका से संपर्क किया और उस महिला को वृद्धाश्रम में ले जाने की बात कही। जिस पर तुरंत मौके पर पहुंचकर संचालिका ने उस महिला से बातचीत कर उसका आधार कार्ड लिया, जिसके बाद बालावा देवी पत्नी जनकिशोर निवासी परैछा, थाना दबोह के रूप में महिला की पहचान हुई। परंतु ऐसी सर्दी में महिला घर से इतनी दूर क्यों थी, इसका कारण समझ न आया। जिसके बाद वह महिला को वृद्धाश्रम लेकर पहुंची जहां उन्हें चाय-नाश्ते के बाद खाना खिलाया और फिर उनके सोने के लिए व्यवस्था की। इस दौरान समाजसेवियो में आनंद शर्मा, इलू पटेल, सानू सेठ, दीपक महातेले के साथ अन्य युवा समाजसेवियो ने महिला की मदद की। तो वहीं मुख्य भूमिका आरक्षक राजू यादव की रही।