पंचायत चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष भरा नामांकन

वार्ड क्र.एक बाराकलां मिथिलेश कुशवाह एवं वार्ड क्र.सात पावई से सुशीला नरवरिया ने की दावेदारी

भिण्ड, 20 दिसम्बर। जिला पंचायत, जनपद सदस्य, सरपंच व पंच के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी अपनी दावेदारी प्रस्तुत करते हुए आज आखिरी दिन कलेक्ट्रेट में पहुंचकर निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र प्रस्तुत किया।


भाजपा कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों के धार्मिक स्थलों से देवी देवताओं का आशीर्वाद लेते हुए अपने समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे जहां उन्होंने नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद अपनी दावेदारियां प्रस्तुत की। इस अवसर पर पूर्व विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाहा की पत्नी पूर्व जिपं अध्यक्ष श्रीमती मिथलेश कुशवाहा ने जिला पंचायत के वार्ड क्र.एक बाराकलां एवं भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीमती सुशीला नरवरिया ने वार्ड क्र.सा पावई, पूर्व जिला पंचायत सदस्य युवा नेता दिनेश सिंह भदौरिया, भाजयुमो के जिला मंत्री रक्षपाल सिंह राजावत ने वार्ड क्र.एक बाराकलां, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष अजय सिंह भदौरिया, लहार विधानसभा क्षेत्र से भाजपा कार्यकर्ता सुधीर तिवारी, कनाबर वार्ड से पहलवान सिंह भदौरिया, अटेर से राधाकृष्ण पुरोहित ने भी अपना नामांकन पत्र को दाखिल किया।


भाजपा मीडिया सेंटर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने पंचायत चुनाव में संगठन को पूर्ण रूप से फोकस करते हुए प्रदेश की चुनाव संचालन समिति घोषित की है। जिसमें प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व विधायक चौ. मुकेश सिंह चतुर्वेदी एवं अटेर विधायक एवं प्रदेश के सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया को सदस्य बनाया है। भाजपा संगठन की गाईड लाइन अनुसार पार्टी अपने अधिकृत प्रत्याशियों को उचित निर्णय लेकर घोषित करेगी, ताकि ग्राम पंचायतों से लेकर जिला और जनपदों में पार्टी के कार्यकर्ता अपने क्षेत्र की जनता का नेतृत्व कर सकेंगे।