भिण्ड, 09 दिसम्बर। नेहरू युवा केन्द्र संगठन के तत्वाधान में सबका साथ सबका विश्वास, सबका विकास सबका प्रयास के तहत देश भक्ति राष्ट्र निर्माण पर जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन शहर के जैन कॉलेज में किया गया। आयोजन का आरंभ युवाओं के प्रेरणा स्त्रोत स्वामी विवेकानंद के समक्ष दीप प्रज्जवलित व माल्यार्पण कर किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि उद्यमिता विकास केन्द्र जिला समन्वयक डॉ. अश्वनी पुरोहित, विशिष्ट अतिथि जैन कॉलेज प्राचार्या श्रीमती अनीता जैन, निर्णायक समिति के सदस्य के रूप में शिक्षक राजनारायण राजौरिया, शासकीय गल्र्स कॉलेज के प्रो. डॉ. राजेश भदौरिया, जैन कॉलेज से एनएसएस अधिकारी सैन्य विज्ञान के प्रो. डॉ. अतुल श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक समन्वयक आशुतोष शर्मा नंदू ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उद्यमिता विकास केन्द्र के जिला समन्वयक अश्वनी पुरोहित ने कहा कि हम नौकरी करके किसी अन्य व्यक्ति को व पीढ़ी को नौकरी नहीं दे सकते और यदि हम उद्योग स्थापित करें तो यह व्यवसाय हमारी पीढ़ी दर पीढ़ी चलता रहता है। जैन कॉलेज की प्राचार्या श्रीमती अनीता जैन ने बच्चों का मंच पर खड़े होकर बोलने के लिए मनोबल बढ़ाते हुए कहा सभी अपने आप में अपने आपको सबसे अच्छा महसूस करें, कोई किसी से कम नहीं होता है। हर व्यक्ति को अपने ऊपर पूर्ण विश्वास होना चाहिए।
कार्यक्रम में नेहरू युवा केन्द्र संगठन के कार्यकर्ता रामसेवक, स्वयं सेवक आशुतोष शर्मा नंदू, अंकित दुबे, कीर्ति तिवारी, भारती, भानुप्रताप, आदर्श, शिवम शाक्य, सपना परमार, सत्येन्द्र जरसोनिया, पूर्व स्वयं सेवक धर्मवीर चौरसिया आदि उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान मेहगांव ब्लॉक से रानू शर्मा, द्वितीय स्थान गोहद ब्लॉक से भूसेवक शर्मा एवं तृतीय स्थान अटेर ब्लॉक से मोनिका वर्मा ने प्राप्त किया।
राष्ट्रीय युवा महोत्सव हेतु आवेदन 14 तक
नेहरू युवा केन्द्र संगठन के जिला युवा अधिकारी आशुतोष साहू ने बताया है कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा 12 से 16 जनवरी 2022 तक 25वां राष्ट्रीय युवा महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। राष्ट्रीय युवा महोत्सव में राज्य सरकारों द्वारा चयनित युवा कलाकारों के अलावा प्रत्येक जिले से तीन ऐसे युवाओं को भाग लेने का अवसर मिलेगा जो नेहरू युवा केन्द्र संगठन द्वारा आयोजित युवा गतिविधियों में भाग लेते रहे हैं और जिनकी उम्र 15 से 29 वर्ष के बीच है।