– जन्म से पांच वर्ष तक के दो लाख 94 हजार बच्चों का लक्ष्य
भिण्ड, 08 अक्टूबर। जिले में कलेक्टर भिण्ड के मार्गदर्शन में पल्स पोलियो अभियान 12 अक्टूबर रविवार को 2248 बूथ लगाकर जन्म से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो से सुरक्षा हेतु दो बूंद पल्स पोलियो की पिलाई जाएगी। कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया है कि प्रथम दिवस ही बूथ पर अधिक से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जेएस यादव ने बताया कि विगत 14 वर्षों से भारतवर्ष पोलियो मुक्त है तथा 27 मार्च 2014 को भारत को पोलियो मुक्त प्रमाणित किया गया था, जो एक बड़ी उपलब्धि है। हालांकि, विश्व के कुछ भागों और हमारे कुछ पड़ोसी देशों में अभी भी पोलियो वायरस का संक्रमण जारी है, जिससे आयातित मामलों का खतरा बना रहता है। इसको दृष्टिगत रखते हुए भारत सरकार द्वारा लिए गए निर्णय अनुसार वर्ष 2025 में पल्स पोलियो अभियान को एक अतिरिक्त चरण 12 अक्टूबर रविवार को जिले में आयोजित किया जाएगा। जिले के समस्त अभिभावकों से अपील है कि वे अपने जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो बूथ पर लाकर दवा अवश्य पिलाएं।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. गौरव भटनागर ने बताया कि इस हेतु समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं, जिसमें जन्म से पांच वर्ष तक के लगभग दो लाख 94 हजार बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इस हेतु 4495 कार्यकर्ता पल्स पोलियो की दवा पिलाएंगे, जिनमें 55 टीमें जिले में मोबाईल टीम की तरह कार्य करेंगी तथा 36 टीमें बस स्टेण्ड तथा जिले के आवागमन स्थलों पर लगाई जाएंगी। पल्स पोलियो की सतत् मॉनिटरिंग हेतु 243 सुपर वाईजर नियुक्त किए गए हैं। मॉनिटरिंग हेतु जिले के अधिकारियों को इंटरनल मॉनिटर नियुक्त किए गए, जिसमें डॉ. आलोक शर्मा ब्लॉक मेहगांव, डॉ. शिवराम सिंह कुशवाह रौन, डॉ. डीके शर्मा ब्लॉक अटेर, डॉ. अवधेश सोनी ब्लॉक गोहद, सौरभ शर्मा ब्लॉक फूप/ भिण्ड अर्बन, अमित गहलोत ब्लॉक लहार आवंटित किए गए हैं। यह भी बताया गया है कि किन्हीं कारणों से जो बच्चे छूट जाते हैं उन्हें 13 तथा 14 अक्टूबर को घर-घर जाकर दो-दो बूंद पिलाई जाएगी।