करवा चौथ शुक्रवार को, बाजार में उमड़ी खरीददारों की भीड़

भिण्ड, 09 अक्टूबर। सुहगिन महिलाएं शुक्रवार को करवा चौथ का निर्जला ब्रत रख अपने पति की लम्बी आयु, सुख-समृद्धि और अपने वैवाहिक जीवन को सुखमय बनाने की मनोकामना के साथ चन्द्रमा की पूजा अर्चना करेंगी। तत्पश्चात अपना व्रत खोलेंगी। करवा चौथ के सामान की खरीददारी के लिए गुरुवार को बाजार में महिलाओं की भीड़ भाड़ देखने को मिली। जिससे सुस्त पड़े बाजार में रौनक लौट आई।
करवा चौथ पर श्रंृगार, गहने एवं साड़ियों की खरीदारी के लिए बाजारों में महिलाओं की भीड़ दिखाई दे रही है। करवा चौथ त्यौहार के लिए महिलाएं लाल रंग की साड़ियां, डिजाइनर सूट, चूड़ियां, पायल और आभूषण खरीद रही हैं। वहीं मेहंदी लगाने वाले स्टालों पर भीड़ है और महिलाएं थ्रीडी मेहंदी और अन्य डिजाइन बनवा रही हैं। इसके अलावा पूजा की सामग्री: मिट्टी के करवे, छलनी और अन्य पूजा सामग्री की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ है। ब्यूटी पार्लरों में फेशियल, हेयरस्टाइलिंग और मेकअप के लिए पहले से बुकिंग फुल हो गई हैं। इस त्योहार पर सराफा बाजार में भी चमक है। करवा चौथ पर पत्नियों को उपहार के रूप में सोने, चांदी के आभूषणों की भी खरीदी हो रही है। इसके लिए दुकानदारों ने कम वजन वाली अंगूठी, हार, पायल, चूड़ी तैयार कराए हैं, जो लोगों को पसंद आ रहे हैं।
करवा चौथ का नाम ही अपने रहस्य को समेटे हुए है। करवा एक मिट्टी का विशेष बर्तन होता है। प्राचीन काल में मिट्टी के बने बर्तन ही धार्मिक अनुष्ठानों में प्रमुखता से प्रयुक्त होते थे, क्योंकि वे प्राकृतिक और पवित्र माने जाते थे। आजकल शक्कर के करवा भी प्रचलन में आ गए हैं।