आदर्श प्रजापति समाज सुधार समिति का चुनाव संपन्न

– 19 अप्रैल को होगा सामूहिक विवाह सम्मेलन

भिण्ड, 07 अक्टूबर। आदर्श प्रजापति समाज सुधार समिति जिला भिण्ड का चुनाव राम नारायण वाटिका में संपन्न हुआ। जिसमें सर्वसम्मति से विभिन्न क्षेत्रों के पदाधिकारियों का मनोनयन किया गया।
समिति के मीडिया प्रभारी रविरमन प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि राजेश कुमार प्रजापति को निर्विरोध जिला अध्यक्ष चुना गया है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों के अध्यक्ष भी निर्विरोध या आपसी सहमति से बनाए गए हैं। इनमें जसवंत सिंह प्रजापति (शिक्षक) को मेहगांव अध्यक्ष, रामनरेश प्रजापति को गोहद अध्यक्ष, कामता प्रसाद प्रजापति को मालनपुर अध्यक्ष, डॉ. कल्याण सिंह प्रजापति को गौरमी अध्यक्ष, और सोमदेव प्रजापति को अटेर अध्यक्ष बनाया गया। इस अवसर पर समिति के सदस्य और समाज के सैकड़ों वरिष्ठ जन वाटिका में एकत्रित हुए।
नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष राजेश कुमार प्रजापति ने पदभार संभालते ही समाज के लिए एक बड़ा कदम उठाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि समिति 19 अप्रैल 2026 अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर प्रजापति सामूहिक विवाह सम्मेलन का भव्य आयोजन करेगी। उन्होंने समाज के सभी भाइयों से आग्रह किया है कि वे अपने विवाह योग्य पुत्र-पुत्रियों का रजिस्ट्रेशन कराकर इस सम्मेलन का लाभ उठाएं। समिति का उद्देश्य दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों को दूर करना और यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी प्रजापति भाई पर बेटी बोझ न लगे। समिति ने सभी सदस्यों से अनुरोध किया है कि वे सामूहिक विवाह सम्मेलन की जानकारी जिले के प्रत्येक प्रजापति भाई-बहन तक पहुंचाएं। यह पहल सामाजिक एकता और आर्थिक सहयोग का एक मजबूत उदाहरण प्रस्तुत करती है।