– भामसं से संबद्ध संगठनों ने मनाई भगवान विश्वकर्मा की जयंती
भिण्ड, 19 सितम्बर। भारतीय मजदूर संघ भिण्ड से संबद्ध सभी संगठनों द्वारा गत दिवस भगवान विश्वकर्मा की जयंती जनक पैलेस भिण्ड में मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह परमार की। जबकि मुख्य अतिथि के रूप में बीएमएस मप्र के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुरेश चंद बादल एवं विशिष्ट अतिथि जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मी तोमर, मप्र राज्य कर्मचारी संघ भिण्ड के जिलाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह कुशवाहा, कंट्रेक्शन मजदूर संघ भिण्ड के जिलाध्यक्ष नरेश भटनागर मंचासीन रहे। इस अवसर पर भारत माता एवं भगवान विश्वकर्मा जी के चित्र पर माल्यार्पण कर पूजा अर्चना के बाद कार्यक्रम प्रारंभ किया गया। अधिकारी कर्मचारी पेंशन संघ जिला भिण्ड सचिव वीरेन्द्र कुमार शर्मा एवं उपस्थित सभी स्वयं सेवकों ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा अर्चना की।
भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश चंद्र बादल ने सभी साथियों एवं प्रदेश वासियों को श्रमिक दिवस भगवान विश्वकर्मा जयंती की अनंत शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह दिन याद दिलाता है कि सभी की प्रगति का आधार मजदूर किसान और कर्मचारी है, वहीं इसके अधिक परिश्रम से भारत की अर्थव्यवस्था चलती है और विकास का कार्य हो रहा है। भारतीय मजदूर संघ का विश्वास है कि उद्योग हित और मजदूर हित एक दूसरे के पूरक हैं। श्रमिक का सम्मान और अधिकार सुरक्षित रहना चाहिए। आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी पूरा होगा जब श्रमिक वर्ग सशक्त होगा। आज हम सब यह संकल्प लेते हैं कि समकोण के अधिकारों की रक्षा करेंगे उनके सम्मान व सुरक्षा के लिए सदैव एकजुट रहेंगे, श्रम की गरिमा को प्रणाम करें और श्रमिकों के साथ खड़े हों, कौन बनाता है हिन्दुस्तान भारत का मजदूर किसान, भारत का मजदूर अमर रहे।
जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह परमार ने अध्यक्षीय उदबोधन में भारतीय मजदूर संघ की उपलब्धि एवं भगवान विश्वकर्मा जयंती पर प्रकाश डाला। संगठित होकर कार्य करने की आवश्यकता है, मजदूर का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम में बीएमएस के जिला मंत्री प्रवेन्द शर्मा, जिलाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह भदौरिया, उपाध्यक्ष शिवनंदन सिंह भदौरिया, पुरुषोत्तम सिंह, पेंशनर महासंघ जिला भिण्ड के जिला सचिव बीरेन्द्र कुमार शर्मा, जयप्रकाश शर्मा, मप्र राज्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह कुशवाह, जिला सचिव सत्यनारायण सोनी, कोषाध्यक्ष अवधेश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष कुसुम परमार, ब्लॉक अध्यक्ष अंकित पटवारी, विकास पुरोहित पटवारी, स्वदेशी जागरण मंच के संयोजक रिपुदमन सिंह, एडवोकेट रंधीर सिंह उपस्थित रहे। प्रसाद वितरण के साथ समापन पर आभार प्रदर्शन राज्य कर्मचारी संघ के जिला मंत्री सत्यनारायण सोनी ने किया।