आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य विभाग की पहचान हैं : लक्ष्मी कौरव

– दबोह में आशा दिवस एवं सम्मान समारोह आयोजित

भिण्ड, 25 अगस्त। मप्र आशा/ आशा सहयोगिनी श्रमिक संघ के तत्वावधान में शनिवार को वृंदावन वाटिका दबोह में आशा दिवस सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। जो प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मी कौरव के मार्गदर्शन एवं दबोह टीम की मेजबानी में आयोजन संपन्न हुआ, जिसमें सैकडों आशा कार्यकर्ता, आशा पर्यवेक्षक एवं उनके परिजन शामिल हुए। आशा कार्यकर्ताओं एवं पर्यवेक्षको का उत्साह वर्धन करने हेतु स्वास्थ्य विभाग के मुखिया एवं सभी अधिकारीगण एवं कर्मचारी सम्मिलित रहे।
मुख्य अतिथि बीएमओ डॉ. विजय शर्मा ने आशा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र की सभी आशा कार्यकर्ता बहुत ही अच्छा कार्य कर रही हैं। आप सब सम्मान और बधाई की पात्र हैं। संगठन अध्यक्ष लक्ष्मी कौरव की कार्यशैली और व्यवहार की प्रशंसा करते हुए उत्कृष्ट भविष्य के लिए शुभकामनाएं। मेडिकल ऑफिसर डॉ. राजीव कौरव ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग जितने भी आंकडे प्रस्तुत करता है, उनमें आशा कार्यकर्ताओं की प्रमुख भूमिका होती है। पूरा स्वास्थ्य विभाग उनके कंधों पर टिका हुआ है।
प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मी कौरव ने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य विभाग की पहचान हैं। कम संसाधनों, नाम मात्र के प्रोत्साहन राशि और विषम परिस्थितियों में भी आशा बहनों ने बीते 20 वर्षों में भारत की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में ऐतिहासिक योगदान दिया है। आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य विभाग का जिन्न है जो अपने समुदाय के लिए 24 घण्टे प्रसन्नता पूर्वक कार्य करती है। कोविड काल में आशा बहनों की समुदाय के प्रति समर्पण की भावना उल्लेखनीय है। विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा देशभर की आशा कार्यकर्ताओं को ग्लोबल हेल्थ लीडर्स के सात अवार्ड से सम्मानित करना हम सभी के लिए बहुत ही गौरव की बात है।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ता प्रियंका तिवारी ग्राम बेलमा को सम्मानित किया गया। समारोह में ब्लॉक अध्यक्ष रामकली कुशवाहा, ब्लॉक महामंत्री प्रीति देवी एवं वरिष्ठ आशा पर्यवेक्षक मोहिनी गुप्ता ने भी सभी आशा कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं और संगठन की एकता पर बल दिया। कार्यक्रम का संचालन कर रहे समाजसेवी कप्तान सिंह कौरव अमाहा जिनका सहयोग आशा कार्यकर्ताओं को सदैव ही प्राप्त रहे ऐसी अपेक्षा की।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और परिवारजनों की सहभागिता ने समारोह को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया। समारोह के अंत में प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मी कौरव ने कार्यक्रम में सम्मिलित सभी अतिथियों समस्त आशा कार्यकर्ता एवं पर्यवेक्षक बहनों तथा आयोजक टीम दबोह का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर मोहिनी गुप्ता, पुष्पा श्रीवास्तव, विमलेश श्रीवास्तव, ऊषा झा, विद्यावती, रानी, हीरा देवी, दीपा देवी, केशव कली आदि मौजूद रहीं।