– सिविल अस्पताल हजीरा तथा बिरला नगर प्रसूति गृह को प्रदान की व्हीलचेयर
ग्वालियर, 19 अगस्त। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने सोमवार को उप नगर ग्वालियर स्थित सिविल अस्पताल हजीरा में स्व. नरेश चन्द्र मिश्रा की स्मृति में आयोजित फल वितरित तथा व्हीलचेयर डोनेशन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण भी किया।
ऊर्जा मंत्री तोमर सिविल अस्पताल हजीरा पहुंचे तथा यहां आने वाले रोगियों को दी जा रहीं स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का अवलोकन करते हुए अस्पताल में उपचाररत रोगियों की कुशलक्षेम पूछी। इस दौरान उन्होंने सिविल अस्पताल हजीरा की साफ-सफाई की व्यवस्था का निरीक्षण भी किया तथा अस्पताल अधीक्षक डॉ. प्रशांत नायक, डॉ. जेपीएस कुशवाह सहित अन्य चिकित्सीय अधिकारियों से चर्चा करते हुए अस्पताल में आवश्यक मशीनों और संसाधनों की कमी को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि स्वस्थ समाज ही सशक्त राष्ट्र की नींव है। जनता को उत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने स्व. नरेश चन्द्र मिश्रा की पुण्य स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि, फल वितरण एवं व्हीलचेयर डोनेशन कार्यक्रम में सहभागिता की। साथ ही सिविल अस्पताल, बिरला नगर में भी व्हीलचेयर डोनेट कर चिकित्सकों के साथ बैठक की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि असहाय एवं जरूरतमंद वर्ग की सेवा कर आत्मा को शांति और मन को अपार संतोष की अनुभूति होती है।