भिण्ड, 03 अगस्त। विराग मण्डप बद्रीप्रसाद बगिया हाउसिंग कॉलोनी भिण्ड में विराजमान मैडिटेशन गुरू उपाध्याय विहसंत सागर महाराज, मुनि विश्वसाम्य सागर महाराज के ससंघ सानिध्य में प्रत्येक रविवार को संत दिवस के रूप में बच्चों की पाठशाला का आयोजन चल रहा है। जिसमें बच्चों को जैन दर्शन जैन धर्म के बारे में जानकारियां दी जा रही हैं, णमोकार महामंत्र का वाचन, मुनिराज का पडगाहन, भगवान के दर्शन आदि के बारे में बताया जा रहा है।
मुनिराज विहसंत सागर महाराज ने कहा कि हमारे गुरू समाधि सम्राट गणाचार्य विराग सागर महाराज ने हमें उपाध्याय पद दिया है, जिसमें पढो और पढाओ, क्योंकि आज की नई पीढी धर्म के मार्ग को छोडकर अधर्म के मार्ग पर जा रही है, जिसमें भारतीय संस्कृति को छोडकर पाश्चात्य संस्कृति की ओर ज्यादा झुकाव हो रहा है, ऐसे में सदमार्ग पर चलने के लिए बच्चों को अभी से धार्मिक संस्कार होना आवश्यक है। गुरू के आदेश पर जहां भी चातुर्मास होता है वहां पर बच्चों की पाठशाला लगाई जाती है, जिसमें संडे यानी संत डे का दिन और दोपहर के तीन बजे से क्लास को प्रारंभ करते हैं, जिसमें सैकडों बच्चे आकर धर्म ज्ञान के बारे में जानकारियां लेते हैं।
इस अवसर पर कार्यक्रम की पुण्य अर्जक विमल जैन इंजीनियर परिवार, महेन्द्र जैन परिवार द्वारा बच्चों को उपहार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में जगदीश जैन दादा, संजीव जैन बल्लू, पार्षद मनोज जैन, सुनील जैन, नरेश जैन, भीम अजीत जैन आदि लोग उपस्थित थे।