भिण्ड, 27 जुलाई। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार मेरा युवा भारत जिला भिण्ड से संबद्धता प्राप्त सेवादल युवा मण्डल द्वारा ग्राम खेरिया चांदन तहसील मौ में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर पूर्व सैनिक सम्मान समारोह एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में तहसीलदार मौ अभिषेक सिंह कुशवाह, सरपंच केदार सिंह गोयल, सचिव रामनारायण सिंह, सहायक पटवारी शिवराज सिंह, पूर्व प्राचार्य नाथूराम गोयल, पूर्व सरपंच सुरेश सिंह, समाजसेवी विशंभर शर्मा, पातीराम परिहार, दिनेश सिंह आदि ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ युवा के प्रेरणा स्त्रोत स्वामी विवेकानंद जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण किया गया। इसके उपरांत मण्डल अध्यक्ष प्रशांत मौर्य और उनके साथियों ने अतिथियों का स्वागत वंदन किया।
मुख्य अतिथि तहसीलदार अभिषेक सिंह कुशवाह ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल युद्ध में मिली जीत का जश्न नहीं है, बल्कि यह हमारे सैनिकों के अदम्य साहस, दृढ संकल्प और निस्वार्थ बलिदान को याद करने का दिन है। इसके उपरांत आमंत्रित पूर्व सैनिक हरनारायण सिंह, अतर सिंह और गोकिल सिंह को माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। अंत में परिसर में देश के सैनिकों के नाम पौधारोपण किया गया। सहायक सचिव कोमल कुशवाह ने सभी को धन्यवाद कर आभार व्यक्त किया।