जिले में गर्म हवाएं चलने से बाजार की सडकें रहीं सूनी

– 47 डिग्री पहुंचा पारा, लू के थपेडों से लोग घरों में रहे कैद

भिण्ड, 10 मई। जिले में सूरज ने तीखी तपिश बरसानी शुरू कर दी है। लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे, सडकें सूनी दिखाई दे रही हैं। मंगलवार को इस सीजन का सबसे अधिक तापमान 47 डिग्री दर्ज किया गया। शहर वासियों को लू के थपेडों और भीषण गर्मी का सामना करना पडा।
मंगलवार की सुबह 8 बजे से ही गर्म हवाओं ने असर दिखाना शुरू कर दिया था। दोपहर 12 बजे तक तापमान 45 डिग्री पर पहुंच गया, जबकि दोपहर 2 से 3 बजे के बीच जिले का अधिकतम तापमान 47 डिग्री दर्ज किया गया। शहर में लू की रफ्तार 10 से 11 किमी प्रति घण्टा रही। गर्म हवाओं के चलते सडकें दोपहर 12 बजे से लगभग सुनसान नजर आने लगीं। लोगों ने बाहर निकलने से परहेज किया और घरों में कूलर, पंखा, एसी का सहारा लिया। बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहा। केवल बेहद जरूरी काम के लिए ही लोग घर से बाहर निकले।
मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिन जिले में तेज गर्मी और हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं चिकित्सकों ने भीषण गर्मी से बचाव के लिए कहा कि गर्मी से बचाव के लिए पानी अधिक पिएं, ढीले और हल्के कपडे पहनें व धूप में निकलने से बचें।