-भीषण गर्मी से लोग परेशान
भिण्ड, 10 मई। इस समय समूचा आलमपुर क्षेत्र भीषण गर्मी की चपेट में है। सुबह आठ बजे से तेज धूप के साथ गर्म हवाएं चलना शुरू हो जाती है। जो देर शाम तक चलती रहती है। दोपहर में तो ऐसा लगता है कि मानो आसमान से आग बरस रही है। दिन और रात का तापमान लगातार बढता जा रहा है।
नगर के युवाओं द्वारा मोबाइल पर तापमान सर्च कर देखा गया तो 46 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच चुका है। इसलिए मंगलवार आलमपुर क्षेत्र के लोगों को सर्वाधिक गर्मी एवं तेज लपट का सामना करना पडा है। कूलर पंखे गर्म हवा फैक रहे हैं। असहनीय गर्मी से हर उम्र दराज के लोग हैरान हैं। भीषण गर्मी के चलते जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। तो वही पशु पक्षियों का भी बुरा हाल है। भयंकर गर्मी के कारण अब दिन में पक्षियों का कलरब भी सुनाई नहीं देता। गर्मी के तेवर देखकर हर कोई यही कह रहा है कि इस साल बहुत ही ज्यादा गर्मी पड रही है। दिन में गर्मी के रौद्र रूप को देखकर लोग घरों में कैद होने के लिए मजबूर हो गए हैं। दोपहर के समय बाजारों सहित बस्तियों में सडकों पर सन्नाटा पसरा दिखाई देता है।