ग्वालियर, 31 मई। लोकमाता देवी अहिल्या बाई होल्कर की 300वीं जयंती वर्ष के अवसर पर महिला सशक्तिकरण के प्रति जनजागृति हेतु ग्वालियर पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए।
मप्र में लोकमाता देवी अहिल्या बाई होल्कर की जयंती वर्ष पर जनकल्याणी पर्व का आयोजन किया गया। शनिवार को पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अभियान चलाया गया, इसी क्रम में ग्वालियर पुलिस ने भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश पर एएसपी सुमन गुर्जर एवं डीएसपी महिला सुरक्षा ग्वालियर किरण अहिरवार के मार्गदर्शन में महिला सेल तथा ऊर्जा डेस्क प्रभारियों द्वारा पुलिस बल के साथ जनकल्याणी पर्व लोकमाता देवी अहिल्या बाई होल्कर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में महिला सशक्तिकरण के प्रति जनजागृति हेतु जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अभियान का उद्देश्य समाज को सुरक्षित, सजग और समानता पर आधारित बनाना है, जो लोकमाता अहिल्या बाई होलकर के जीवन मूल्यों से प्रेरित है।
जनकल्याणी पर्व पर ग्वालियर पुलिस की महिला सुरक्षा शाखा एवं महिला थाना पडाव जिला ग्वालियर द्वारा संयुक्त कार्यक्रम आयोजित किए गए जिसमें महिला थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रश्मि भदौरिया, शैलजा सिंह, प्रियंका दुबे, महिला आरक्षक दिव्या शर्मा, रिंकल गुप्ता ने शवटावर ग्वालियर में कार्य करने वाली महिलाओं के समक्ष महिला सशक्तिकरण एवं उनके अधिकारों के संबंध में शासन की योजनाओं तथा कानून के संबंध में जानकारी दी एवं हेल्पलाइन नंबर का प्रचार प्रसार कर प्रचार पुस्तिका का वितरण किया तथा इटालियन गार्डन, गांधी प्राणी उद्यान एवं स्कूली संस्थान आदि तथा भीडभाड वाले क्षेत्रों में महिलाओं को होने वाले अपराध के संबंध में जानकारी देकर जागरुक किया और महिलाओं से चर्चा की।
इस अवसर पर आयोजित जनकल्याणी पर्व के दौरान थाना विश्वविद्यालय से उपनिरीक्षक शिखा दण्डोतिया और झांसी रोड से रूबी भार्गव ने विश्वविद्यालय क्षेत्र महलगांव में स्थित मल्टी में जाकर वहां महिलाओं व बच्चियों को उनके अधिकारों एवं कानून के संबंध में जानकारी देकर जागरुक किया और महिला हेल्पलाइन नंबरों से भी अवगत कराया। इस अवसर पर उनकी समस्याओं के संबंध में भी महिला पुलिस अधिकारियों ने चर्चा की एवं उनका उचित समाधान प्रदान किया तथा जागरुकता संबंधी पम्पलेट वितरित किए।
जनकल्याणी पर्व के अवसर पर थाना इंदरगंज से उपनिरीक्षक पायल शर्मा ने महिला बल के साथ डीडी मॉल, फूलबाग में जाकर वहां उपस्थित महिलाओं तथा छात्राओं को उनके अधिकारों से अवगत कराते हुए नवीन कानून के संबंध में जानकारी दी और महिला हेल्पलाइन एवं बेटी की पेटी तथा 100 डायल के बारे में जानकारी दी। एसोसिएशन ऑफ ग्वालियर यूथ सोसाइटी के तत्वावधान में विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर आयोजित कार्यक्रम इसके दुष्परिणामों से उपस्थित लोगों को बताया गया।
इसी प्रकार ग्वालियर जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसके क्रम में डबरा देहात क्षेत्र के अमरपुरा खेरी, प्रेमनगर, नईबस्ती, बरोठा, जगदम्बा कॉलोनी में जाकर वहां महिलाओं तथा बच्चों को उनके अधिकारों से अवगत कराया और जागरुकता पम्पलेट वितरित की। लोकमाता देवी अहिल्या बाई होल्कर की 300वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित जन कल्याणी पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में महिला पुलिस अधिकारियों ने देवी अहिल्या बाई होल्कर के आदर्शों से भी आमजन को अवगत कराया।