नगर निगम आयुक्त ने विकास कार्यों का किया निरीक्षण

महाराज बाडा स्थित ओल्ड नगर निगम बिल्डिंग के कार्य की गति बढाने को लेकर दिए जरुरी दिशा निर्देश

ग्वालियर, 22 मई। नगर निगम आयुक्त एवं प्रभारी स्मार्ट सिटी सीईओ संघ प्रिय ने गुरुवार को स्मार्ट सिटी द्वारा महाराज बाडा पर प्रगतिरत कार्यों का निरीक्षण किया। वहीं उन्होंने नीडम पुल के नीचे प्रस्तावित पार्क को बनाए जाने को लेकर इस क्षेत्र का मुआयना कर संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्मार्ट सिटी, नगर निगम सहीत निर्माण एजेंसी के अधिकारी उपस्थित रहे।
निगम आयुक्त संघ प्रिय ने सर्वप्रथम सुबह नीडम पुल के नीचे प्रस्तावित पार्क बनाए जाने वाले क्षेत्र का मुआयना किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियो को इस कार्य को लेकर जरूरी कार्य योजना बनाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कार्य योजना बनाते समय भविष्य मे इसके संचालन व रख-रखाव संबंधी जरुरी प्रावधान किए जाने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
संघ प्रिय ने इसके बाद आमखो बस स्टेण्ड पर पानी भराव के चलते की जा रही वाटर हार्वेस्टिंग संबंधी कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्मार्ट सिटी व नगर निगम के अधिकारियों को समन्वय कर इस कार्य को गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा करने के लिए निर्देशित किया। निगम आयुक्त संघ प्रिय ने महाराज बाडा पर स्मार्ट सिटी द्वारा प्रगतिरत मल्टी लेवल कार पार्किंग व ऑल्ड नगर निगम बिल्डिंग के जीर्णोद्वार के कार्यों का भी निरीक्षण किया। मल्टी लेवल कार पार्किंग के निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों और वेंडर को सख्त हिदायत दी कि इस कार्य को तय समय सीमा के मुताबिक कार्य योजना बनाकर कार्य को करें। उन्होंने कहा कि महाराज बाडे की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह पार्किंग अत्यंत जरूरी है। इसलिए इस काम में कोई ढिलाई न हो। संघ प्रिय ने निरीक्षण के दौरान ओल्ड नगर निगम बिल्डिंग के जीणोद्धार कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की गति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य की गति बढाने को लेकर वेंडर को निर्देशित किया। उन्होंने ओल्ड नगर निगम बिल्डिंग में जो भी कक्ष खाली रहना शेष रह गए हैं उन्हें निगम के साथ समन्वय कर तुरंत खाली कराए जाने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया, ताकि निर्माण कार्य तेज गति से हो सके।