कलेक्टर ने श्रम निरीक्षक लहार को किया निलंबित

– सीएम हैल्पलाईन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही बरतने पर की गई कार्रवाई
– निलंबन अवधि में मुख्यालय कार्यालय श्रम पदाधिकारी भिण्ड किया नियत

भिण्ड, 18 अप्रैल। कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने सीएम हैल्पलाईन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही बरतने पर श्रम निरीक्षक लहार नीतेश ब्रजपुरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
कलेक्टर श्रीवास्तव ने आदेश जारी कर कहा है कि गत 18 अप्रैल को सीएम हैल्पलाईन शिकायतों के निराकरण की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान पाया गया कि नीतेश ब्रजपुरिया श्रम निरीक्षक लहार द्वारा सीएम हैल्पलाईन शिकायतों के निराकरण में रुचि नहीं ली जा रही है। इससे प्रतीत होता है कि उनके द्वारा सीएम हैल्पलाईन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही बरती गई है। ब्रजपुरिया का उक्त कृत्य मप्र सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 का उल्लंघन होकर कदाचरण की श्रेणी में आता है।
अत: उपरोक्त के परिप्रेक्ष्य में नीतेश बिजपुरिया श्रम निरीक्षक लहार को मप्र सिविल सेवा वर्गीकरण नियंत्रण एवं अपील नियम 1966 के नियम 9 में निहित प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय कार्यालय श्रम पदाधिकारी भिण्ड नियत किया जाता है। निलंबन अवधि में शासन नियमों के तहत जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।