भिण्ड, 13 अप्रैल। मप्र जन अभियान परिषद विकास खण्ड मेहगांव की नवांकुर संस्था त्यागी गालव शिक्षा एवं समाज कल्याण समिति द्वारा मुख्यमंत्री एवं जन अभियान परिषद के आह्वान पर प्रदेशभर में जल संरक्षण हेतु चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत शा. महाविद्यालय मेहगांव में जल संरक्षण हेतु शपथ का आयोजन किया गया।
जल गंगा संवर्धन अभियान की जानकारी देते हुए परिषद के ब्लॉक समन्वयक जयप्रकाश शर्मा ने कहा कि जन अभियान परिषद द्वारा जल संरक्षण संवर्धन अभियान अंतर्गत परिषद की नवांकुर संस्था, सीएमसीएलडीपी छात्र एवं परामर्शदाताओं एवं विभिन्न स्वेच्छिक संगठनों द्वारा अभियान बढ़-चढक़र सहभागिता की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान का प्रमुख उद्देश्य जन भागीदारी से जल संरक्षण और संवर्धन सुनिश्चित करना है। प्रकृति एवं जल संवर्धन को समर्पित 30 मार्च से 30 जून तक चलने वाले जल गंगा संवर्धन अभियान में वर्षा जल सहेजने एवं पुरानी जल संरचनाओं के जीर्णोद्धार नवीन जल संग्रहण संरचनाओं के निर्माण, भूजल, संवर्धन, जल संग्रहण संरचनाओं की साफ-सफाई, जल स्त्रोतों में प्रदूषण के स्तर को कम करने, का कार्य किया जारहा है। जल संकट को रोकने के लिए हमारे युवा शक्ति को आगे आना चाहिए।
प्रो. राधाकृष्ण शर्मा ने जल के महत्व को लेकर जागरूक करते हुए बताया कि संसार में जितनी भी महान सभ्यताएं हैं, वे नदियों के किनारे ही विकसित हुई है, हर नगर एवं ग्राम वहीं बेस जहां जल के स्त्रोत थे। यद्यपि पृथ्वी के 71 प्रतिशत भाग में पानी है परंतु मीठा पानी 3 प्रतिशत भाग पर ही है। साथ ही बारिश के दिन भी काम हो गए हैं, अत: वर्षा जल को रूफ वाटर हार्वेस्टिंग, सोख्ता गड्ढा, बोरी बंधान, चेकडैम आदि संरचनाओं को निर्मित करने की आवश्यकता है, जिससे जल संचयन होगा। साथ ही भूमिक्षरण भी रुकेगा और पानी का दुरुपयोग नहीं करना है। जल ही जीवन है। जल एक महत्वपूर्ण संसाधन है जिससे ऊर्जा, कृषि आदि क्षेत्र विकसित हो रहे हैं।
प्रो. सुनील बंसल ने कहा कि हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि जल-संकट का समाधान जल के संरक्षण से ही है। जल स्त्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सभी को आगे आना होगा। विकास खण्ड समन्वयक जयप्रकाश शर्मा ने जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जल के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु शपथ दिलाई। कार्यक्रम में परामर्शदाता अनिल शर्मा, रानी शर्मा, जितेन्द्र कौरव, कृष्णा बंसल, रामशंकर त्यागी, नवांकुर संस्था श्यामसुंदर त्यागी व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।