महावीर जयंती पर निकाली शांभायात्रा, आमजन ने बरसाए फूल

-डीजे की धुन पर नाचे श्रद्धालु, जगह-जगह हुआ स्वागत

भिण्ड, 10 अप्रैल। महावीर जयंती को लेकर शहर में गुरुवार को जैन समाज द्वारा शोभायात्रा निकाली गई। इस आयोजन में श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और आस्था के साथ भाग लिया। सुबह से ही जैन मन्दिरों में पंचकल्याणक अभिषेक, पूजा-पाठ और जिनवाणी पाठ जैसे धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए थे।
दोपहर तीन बजे किला गेट से भगवान महावीर की भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। इस शोभायात्रा में महिलाएं, पुरुष, बच्चे, बुजुर्ग बडी संख्या में शामिल हुए। भगवान महावीर के रथ को बैलगाडी पर सजाकर निकाला गया। डीजे और बैंड की धुनों पर भक्तजन झूमते नजर आए। जगह-जगह पुष्पवर्षा की गई और श्रद्धालुओं के स्वागत में स्टॉल लगाए गए, जहां शरबत, फल, चॉकलेट आदि वितरित किए गए। शोभायात्रा किला गेट से प्रारंभ होकर बजरिया, गोल मार्केट, सदर बाजार, परेड चौराहा होते हुए कीर्तिस्तंभ पहुंची। यहां जल अभिषेक के साथ यात्रा का समापन किया गया। पूरे मार्ग में धार्मिक गीत-संगीत की गूंज रही और भक्तजन भक्ति में लीन होकर नाचते-गाते चल रहे थे। इस आयोजन के माध्यम से जैन समाज ने अहिंसा, शांति और संयम के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया। शहर में महावीर जयंती के इस पर्व ने सामाजिक सौहार्द और धार्मिक आस्था की अद्भुत छवि प्रस्तुत की।