शक्ति की भक्ति में लीन नगरवासी, मंदिर और घरों में गूंज रहे मां के जयकारे

काली माता मंदिर पर महिला मण्डल ने रात्रि जागरण कर किया भजन

ग्वालियर, 05 अप्रैल। चैत्र नवरात्र में नगरवासी शक्ति की भक्ति में लीन हैं। नगर के मन्दिर और घरों में हर तरफ मातारानी के जयकारे गूंज रहे हैं। नवरात्र शुरू होते ही श्रद्धालु काफी संख्या में खेडापति माता मन्दिर, शीतला माता मन्दिर, काली माता मन्दिर पहुंचकर माता रानी के दर्शन कर विशेष पूजा पाठ कर रहे हैं। वहीं घरों में रात्रि जागरण, महिला मंडल द्वारा माता की भेंटे गाई जा रही है। साथ ही कई लोगों द्वारा अपने घर पर मां दुर्गा के पाठ का आयोजन किया है। जिसमें विधि विधान से मैया रानी की पूजा अर्चना की जा रही है। मां की भक्ति में लीन महिला मंडल द्वारा नगर के काली माता मंदिर परिसर में शुक्रवार को रात्रि जागरण किया। जो शनिवार सुबह तक चला। इसमें महिलाओं ने मैया की विशेष आरती कर जागरण का शुभारंभ किया और महिलाओं ने रातभर भजन कीर्तन मैया की भेंटें गाई और प्रसाद वितरण किया। इस मौके पर महिला मंडल की मुन्नीदेवी यादव, मालती ओझा, सुनीता पवैया, गिरिजा सोनी, सियादेवी, पूजा अग्रवाल, शशि शर्मा, पांडेय, शकुंतला ओझा, ममता यादव, अनीता देवी सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं।