पर्यावरण जन जागरुकता अभियान चलाया
भोजपुर/रायसेन, 18 मार्च। विद्या भारती मध्य भारत प्रांत द्वारा मार्गदर्शित भोजपुर ग्राम भारती शिक्षा समिति जिला रायसेन द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मन्दिर विद्यालयों द्वारा पर्यावरण जन जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। सरस्वती शिशु मन्दिर विद्यालय आशापुरी के समीपस्थ सम विचारी विद्यालय शिव पब्लिक स्कूल भोजपुर में छात्रों को संबोधित करते हुए जिला प्रमुख एवं प्रांत पर्यावरण संयोजक राजेन्द्र सिंह ठाकुर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए आवश्यक है जन जागरुकता अभियान। हम सबको मिलकर अपने विद्यालय को पॉलिथिन मुक्त बनाना है। हमारा कक्षा कक्ष, विद्यालय परिसर, हमारा घर एवं हमारा गांव पन्नी मुक्त बनेगा। ग्रीष्म कालीन समय में जल संरक्षण की महत्ता बढ़ जाती है। अत: सभी को मिलकर पानी का सदुपयोग करना चाहिए।पशु पक्षियों को दाना पानी डालकर अच्छी आदत विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण मित्रों की संख्या बढ़ाकर उनकी सहभागिता बढ़ाएं। संघ शताब्दी वर्ष में पंच परिवर्तन की जानकारी विस्तार से दी। जिसमें सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुम्ब प्रबोधन, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्य। समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में पंच परिवर्तन की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। हम सबको मिलकर थोड़ी-थोड़ी जानकारी आगे बढ़ानी होगी। भोजपुर शिव पब्लिक स्कूल के छात्रों और शिक्षकों ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण अभियान में सहभागिता का संकल्प लिया और कहा कि हमारा गांव पर्यावरण युक्त बनेगा। जन-जन को समझाएं, अपना गांव पर्यावरण युक्त बनाएं। इस अवसर पर विद्यालय के संचालक ज्ञानसिंह, प्राचार्य, शिक्षक, पर्यावरण मित्र और सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।