-संत रविदास की जयंती पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित की
भिण्ड, 12 फरवरी। संत रविदास की जयंती के अवसर पर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने शहर के आर्य नगर स्थित अवंतीबाई धर्मशाला में उनके छाया चित्रों पर पुष्पांजलि कर अर्पित करते हुए उनके विचारों को साझा किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया ने कहा कि मध्य युगीन भक्ति चेतना के प्रमुख संतों में संत रविदास का नाम श्रद्धा और सम्मान के साथ लिया जाता है। वे केवल संत के रूप में ही प्रतिष्ठित नहीं है, अपितु उनका व्यक्तित्व समाज सुधारक, क्रांतिकारी, चिंतक, उत्कृष्ट युग-पुरुष के रूप में अभिव्यक्त हुआ है। उन्होंने समाज को एक नई दिशा प्रदान की। उनकी पूर्ण प्रामाणिकता सर्वप्रथम प्रकाशित वाणी गुरू ग्रंथ साहिब में प्रदर्शित होती है। उनके प्रचलित नामों में रविदास, रैदास रोहतास, रोहीदास, रामदास, रुईदास आदि उल्लेखनीय हैं। वर्तमान समय में अन्य नामों को महत्व न देकर उनके जो दो नाम प्राय: ग्रंथों में उपलब्ध होते हैं, वे हैं रविदास और रैदास। संत रविदास के माता पिता के संबंध में भी कई मत उपस्थित होते हैं आचार्य पृथ्वीसिंह आजाद ने भविष्य पुराण के आधार पर उनके पिता का नाम मानदास स्वीकार किया है, लेकिन संप्रदाय में यह नाम प्रचलित नहीं है। रविदास जी के पिता का नाम रग्घू या रघुनाथ अधिक प्रसिद्ध है। इनकी माता करमा देवी मानी जाती हैं। कई प्रकाशित ग्रंथों में संत रविदास जी की माता का नाम घुरवनिया भी मिलता है। लेकिन करमा नाम को उनके अनुयायियों ने अधिक अपनाया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष नरवरिया ने कहा कि हम सब कार्यकर्ता उनके अनुकरणीय विचारों को समाज के अंतिम छोर तक के व्यक्ति तक पहुंचकर उनके व्यक्तित्व को बताएं। इस अवसर पर भाजपा अजा मोर्चा के जिला महामंत्री शैलेन्द्र रीतौरिया, महामंत्री धर्मेन्द्र मौर्य, युवामोर्चा के जिला महामंत्री अतिराज नरवरिया, राजपाल भदौरिया, मनोज धाकड, बबलू धाकड, मौसम धाकड, गिर्राज धाकड, गोलू तोमर आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।