गणतंत्र दिवस 26 जनवरी की तैयारियों संबंधी बैठक आयोजित

-अपर कलेक्टर ने बैठक में तैयारियों हेतु अधिकारियों को दिए निर्देश

भिण्ड, 22 जनवरी। गणतंत्र दिवस 26 जनवरी जिले में मनाए जाने की तैयारियों को लेकर अपर कलेक्टर एलके पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न अधिकारियों की बैठक ली। जिसमें संयुक्त कलेक्टर शिवांगी अग्रवाल, एसडीएम भिण्ड अखिलेश शर्मा के अलावा विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
अपर कलेक्टर एलके पाण्डेय ने कहा कि 26 जनवरी गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह पुलिस लाईन परेड ग्राउण्ड के मैदान में आयोजित किया जाएगा। जिसमें मुख्य अतिथि द्वारा संयुक्त परेड की सलामी ली जाएगी और प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री जी के संदेश का वाचन किया जाएगा तथा विभिन्न विभागों की झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से कहा कि कार्यालय के शासकीय भवनों पर गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर रोशनी की व्यवस्था की जाए। इसी तरह 26 जनवरी का पर्व विकास खण्ड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भी आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सीएमओ नगर पालिका, पीएचई, पीडब्ल्यूडी, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास, उद्यानिकी, कृषि विभाग, मत्स्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को दिए गए दायित्वों के अनुसार सभी तैयारियां 25 जनवरी के पूर्व करने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रिहर्सल परेड 26 जनवरी के पूर्व कर ली जाए। उन्होंने कहा कि नई थीम के आधार पर झांकी प्रदर्शित की जाए, झांकी सुन्दर सुसज्जित होनी चाहिए और क्रमानुसार लगाई जाएं।
अपर कलेक्टर ने कार्यालय प्रमुखों से कहा कि जिन अधिकारी/ कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रमाण पत्र दिलवाना है, उनके नाम 23 जनवरी शाम तक अनिवार्य रूप से अपर कलेक्टर कार्यालय में भिजवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कार्यालय प्रमुखों से कहा कि 26 जनवरी को सुबह आठ बजे तक अपने-अपने कार्यालयों पर ध्वजारोहण कर लिया जाए तत्पश्चात पुलिस परेड ग्राउण्ड में उपस्थित होना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी की संध्या पर भारत पर्व कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, वहां पर सभी अधिकारी/ कर्मचारी उपस्थित रहना सुनिश्चित करें, साथ ही उन्होंने कार्यक्रम के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के सभी कार्यालय प्रमुख कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज की जांच हेतु एक नोडल अधिकारी नियुक्त करें। नोडल अधिकारी का यह दायित्व होगा कि राष्ट्रीय ध्वज साफ व सही स्थिति में हो और सही समय पर फहराया जाए एवं उतारा जाए। साथ ही झण्डा संहिता का पालन किया जाए। ध्वज संहिता का पालन सुनिश्चित कराने के लिए प्रत्येक स्तर पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।