शिशु मंदिर आलमपुर के विद्यार्थी अयोध्या श्रीराम दर्शन के लिए हुए रवाना

भिण्ड, 22 जनवरी। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आलमपुर के कक्षा छटवीं से 12वीं तक के भैया बहनें एवं आचार्य परिवार अयोध्या में प्रभु श्रीराम लला के दर्शन करने बुधवार को रवाना हुए है। इस धार्मिक यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों में आध्यात्मिकता, भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म के प्रति आस्था जागृत कराना है।
यात्रा का शुभारंभ वाहन पूजन के साथ हुआ। विद्यालय के प्राचार्य ने यात्रा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए भैया-बहिनों को मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की भूमि पर उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। अयोध्या यात्रा के दौरान विद्यार्थी श्रीराम जन्मभूमि, सरयू नदी के घाट, कनक भवन, हनुमानगढी, दशरथ महल सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। आचार्य परिवार ने कहा कि इस यात्रा से बच्चों में भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के प्रति गहन समझ विकसित होगी। यात्रा के सफल आयोजन हेतु विद्यालय प्रबंधन समिति ने समुचित व्यवस्था की है। भैया-बहिनों और आचार्यों में इस यात्रा को लेकर गहरी उत्सुकता और उत्साह देखा गया। क्योंकि 22 जनवरी को ही पूरे देश में अयोध्या में प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा का जश्न मनाया जा रहा है। यह धार्मिक यात्रा न केवल विद्यार्थियों को आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्रदान करेगी, बल्कि उनके व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।