भिण्ड, 21 जनवरी। फूप थाना क्षेत्र के बरही गांव के पास चंबल पुल पर मंगलवार सुबह एक बडा हादसा होते-होते बच गया। काली गिट्टी से लदा एक 22 चक्का डंपर अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोडते हुए चंबल नदी में लटक गया। हादसा सुबह करीब 5:15 बजे हुआ। गनीमत रही कि डंपर पूरी तरह से नदी में नहीं गिरा और ड्राइवर सुरक्षित बच गया।
डंपर भिण्ड से इटावा की ओर तेज गति से जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ड्राइवर का वाहन पर से नियंत्रण खो गया, जिससे डंपर सीधे रेलिंग से टकराकर आधा हिस्सा नदी के ऊपर लटक गया। पुल की मजबूत संरचना और डंपर के बीच बैलेंस बना रहा, जिससे वाहन नदी में गिरने से बच गया।
डंपर के ड्राइवर ने बताया कि गाडी के ब्रेक अचानक फेल हो गए, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। जैसे ही डंपर ने रेलिंग तोडी, उसने तुरंत वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे के बाद ड्राइवर को मामूली चोटें आईं, लेकिन उसकी जान को कोई खतरा नहीं हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही फूप थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने हालात को संभालते हुए यातायात को रोक दिया। क्रेन मंगवाकर डंपर को पुल से हटाने का कार्य शुरू किया गया। चंबल पुल पर यातायात कुछ घंटों तक बाधित रहा, लेकिन प्रशासन ने जल्द ही व्यवस्था को सामान्य कर दिया। घटना के समय पुल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसा बहुत भयावह था। उन्होंने पुलिस और प्रशासन की तारीफ की, जिन्होंने समय पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस पुल पर पहले भी कई बार तेज गति और लापरवाही के कारण हादसे हो चुके हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पुल पर वाहनों की गति पर नियंत्रण रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं और पुल की रेलिंग को मजबूत किया जाए।