पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का मेला ग्राउण्ड में भूमि पूजन आज

भिण्ड, 21 जनवरी। मेडिटेशन गुरु उपाध्याय विहसंत सागर महाराज के ससंग सानिध्य में एक से 5 फरवरी तक होने वाले श्री 1008 भगवान महावीर स्वामी 24 जिनविम्ब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का भूमि पूजन मेला ग्राउंड में 22 जनवरी बुधवार को सुबह 8.30 बजे से 10.30 बजे तक होने जा रहा है, जिसमें सभी सामाजिक संगठन महिला मंडल उपस्थित रहेंगे।
जानकारी देते हुए पार्षद मनोज जैन ने बताया कि नगर में पहली बार भगवान महावीर स्वामी के पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव कार्यक्रम मेला ग्राउंड में आयोजित होने जा रहा है, जो कुंड ग्राम बनाकर भगवान महावीर स्वामी के जीवन की गाथाओं का वर्णन नाट्य मंचन के द्वारा दिखाया जाएगा। साथ ही एक पाषाण प्रतिमा गुरु मंत्र से भगवान बनने की क्रिया भी आयोजन में दिखाई जाएगी, जिसकी तैयारी धूमधाम के साथ की जा रही हैं। आयोजन का संरक्षक विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह को बनाया गया है, जिन्होंने कार्यक्रम की तैयारी को लेकर प्रतिदिन ग्राउंड का निरीक्षण कर रहे हैं। उनका कहना है कि आयोजन में प्रदेश सरकार के कई मंत्री विधायकों का आगमन होगा और महाराज जी से आशीर्वाद लेंगे।