-नई पीढी की आयुर्वेद में रुचि जागृत हेतु आयुष संस्थाओं होगा भ्रमण
भिण्ड, 23 अक्टूबर। मप्र शासन आयुष विभाग द्वारा ‘नवम आयुर्वेद दिवस’ का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत जिले की आयुष संस्थाओं पर भी विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम किए जा रहे हैं।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. नीलम कुशवाह ने बताया कि मप्र शासन आयुष विभाग द्वारा आयुर्वेद दिवस मनाने के आदेश प्राप्त हुए हैं इसके अंतर्गत आयुष संस्थाओं पर विभिन्न प्रकार की गतिविधियों करने हेतु निर्देश जारी किए गए हैं, आयुर्वेद दिवस का आयोजन 28 अक्टूबर तक किया जाएगा, जिसमें संस्था के आयुष चिकित्सा अधिकारी विभिन्न स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को आयुर्वेद की जानकारी देंगे और स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए आयुर्वेद में वर्णित दिनचर्या, ऋतुचर्या, योग आदि के महत्व को समझाएंगे। ‘एक पेड मां के नाम’ कैंपेन भी चलाया जा रहा है, जिसमें विभिन्न शासकीय स्कूलों और अन्य संस्था में औषधीय पौधों का पौधा रोपण किया जा रहा है।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. नभकिशोर चौधरी ने बताया कि जिला आयुष अधिकारी डॉ. नीलम कुशवाह के नेतृत्व में महिलाओं, किशोरी बालिकाओं एवं गर्भवती महिलाओं तथा धात्री महिलाओं के लिए विशेष शिविरों और संगोष्ठियों का आयोजन भी आंगनवाडी केन्द्रों, आयुष्मान आरोग्य मन्दिर (आयुष), आयुष औषधालयों पर हो रहा है तथा किसानों को परंपरागत खेती के साथ-साथ औषधीय पौधों की खेती के लिए प्रेरित करने के लिए आयुष विभाग द्वारा चलाई जा रही। देवारण्य योजना की विस्तृत जानकारी हेतु कृषक चौपाल का आयोजन भी हो रहा है।
शासन के निर्देशानुसार आयुर्वेद को आम जनमानस में और लोकप्रिय बनाने हेतु तथा नई पीढी को आयुर्वेद में रुचि जागृत करने हेतु विद्यार्थियों को आयुष संस्थाओं का भ्रमण कराया जाएगा, रैली आयोजित की जाएगी तथा रंगोली प्रतियोगिता, आयुर्वेद क्विज जैसी एक्टिविटी भी की जाएंगी। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी आयुर्वेद से ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोडने का प्रयास किया जा रहा है इसके लिए आयुष संस्थाओं पर सेल्फी प्वाइंट भी बनाए गए हैं जिसमें आने वाले मरीज सेल्फी ले सकें। जिला आयुष अधिकारी डॉ. नीलम कुशवाह ने भी आम जनमानस से अपील की है कि वह इन सभी एक्टिविटी में अधिक से अधिक जुडें और आयुर्वेद का लाभ उठाएं तथा आयुर्वेद को अपने जीवन में शामिल करें।