– 18 जुलाई से 31 अगस्त तक चलेगा अभियान
– राजस्व न्यायालयों में समय सीमा में होगा लंबित प्रकरणों का निराकरण
– नवकरणीय ऊर्जा मंत्री ने वर्चुअल माध्यम से दिए आवश्यक दिशा निर्देश
भिण्ड, 19 जुलाई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजस्व महाअभियान प्रथम चरण की सफलता को देखते हुए दूसरे चरण में भी राजस्व महाअभियान 2.0 प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं। जिसके क्रम में शुक्रवार को राजस्व महाअभियान 2.0 एवं गुरु पूर्णिमा के संबंध में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं पत्रकार बंधुओं से चर्चा बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। इस दौरान नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, सांसद श्रीमती संध्या राय, लहार विधायक अम्बरीश शर्मा वर्चुअल जुडे तथा कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विधायक भिण्ड नरेन्द्र सिंह कुशवाह, विधायक गोहद केशव देसाई, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया, कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव, एडीएम लक्ष्मीकांत पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार राजस्व महाअभियान 2.0 का क्रियान्वयन किया जाए। सरकार का उद्देश्य आम जन के कार्यों को सुलभता और जिम्मेदारी से पूर्ण करना है। इसी उद्देश्य के साथ राजस्व प्रकरणों का त्वरित निराकरण और राजस्व त्रुटियों के सुधार के लिए 18 जुलाई से 31 अगस्त तक अभियान चलाए जाने का निर्णय लिया गया है। सभी राजस्व अधिकारी आमजन को राजस्व संबंधी सभी प्रकार की सुविधाएं समय से प्रदान करें। उन्होंने कहा कि समस्त शासकीय/ अशासकीय विद्यालयों में गुरू पूर्णिमा के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। 21 जुलाई गुरू पूर्णिमा को विद्यालय के साथ-साथ महा विद्यालयों में भी भव्य रूप से कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि राजस्व महाअभियान 2.0, 18 जुलाई से प्रारंभ हो गया है। जो 31 अगस्त तक चलेगा। राजस्व महाअभियान के दौरान सभी संभाग आयुक्त और कलेक्टर अपने क्षेत्रों का निरंतर निरीक्षण करेंगे। उत्कृष्ट कार्य करने वाले राजस्व अधिकारियों को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राजस्व महाअभियान का उद्देश्य राजस्व प्रकरणों का त्वरित निराकरण, राजस्व अभिलेख त्रुटियों को ठीक करना, राजस्व न्यायालय में समय-सीमा पर लंबित प्रकरणों का निराकरण, नए राजस्व प्रकरणों को आरसीएमएस पर दर्ज कराना, नक्शे पर तरमीम पीएम किसान योजना का सभी पात्र किसानों को लाभ देना, समग्र का आधार ई-केवाईसी और खसरे की समग्र/ आधार से लिंकिंग एवं फार्मर रजिस्ट्री का क्रियान्वयन करना है।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर दो दिवसीय कार्यक्रम होंगे आयोजित
21 जुलाई गुरूपूर्णिमा के अवसर पर समस्त शासकीय/ अशासकीय विद्यालयों में 20 एवं 21 जुलाई को दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें 20 जुलाई को प्रार्थना सभा के पश्चात प्रार्थना स्थल पर शिक्षकों द्वारा गुरूपूर्णिमा के महत्व एवं पारंपरिक गुरु-शिष्य संस्कृति पर प्रकाश, प्राचीन काल में प्रचलित गुरूकुल व्यवस्था एवं उसका भारतीय संस्कृति पर प्रभाव पर निबंध लेखन कार्यक्रम आयोजित होंगे। 21 जुलाई को विद्यालयों में वीणा वादिनी मां सरस्वती वंदना, गुरू वंदना एवं दीप प्रज्जवलन एवं माल्यार्पण, गुरूजनों एवं शिक्षकों का सम्मान, शिक्षकों और विद्यार्थियों द्वारा गुरू संस्मरण पर संभाषण कार्यक्रम होंगे।