संबल केवल योजना नहीं है, बल्कि महिलाओं का सशक्तिकरण है : विधायक संजीव सिंह

प्रदेश सरकार द्वारा विवाह के संबंध में होने वाली कठिनाई को दूर करने का किया जा रहा पूरा प्रयास
जनपद पंचायत भिण्ड द्वारा विवाह एवं अनुग्रह सहायता राशि वितरण समारोह आयोजित

भिण्ड, 10 अक्टूबर। जनपद पंचायत भिण्ड द्वारा विवाह सहायता राशि, अनुग्रह सहायता राशि वितरण समारोह क्षेत्रीय विधायक संजीव सिंह कुशवाह के मुख्य आतिथ्य में जिला पंचायत भिण्ड के सभागार में आयोजित किया गया। जिसमें विधायक ने 81 हितग्राहियों को विवाह सहायता राशि प्रति हितग्राही 51 हजार रुपए एवं आठ हितग्राहियों को अनुग्रह सहायता राशि प्रति हितग्राही दो लाख रुपए का स्वीकृति पत्र वितरण किया गया। इस दौरान जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सरपंच संघ के जिलाध्यक्ष, संयुक्त कलेक्टर वरुण अवस्थी सहित अन्य अधिकारी, हितग्राही उपस्थित रहे।
विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का मुख्य उद्देश्य गरीब परिवार की बालिकाओं को शादी हेतु सहायता राशि प्रदान करना है। राज्य में बहुत ऐसे निर्धन परिवार हैं, जो अपनी बालिकाओं के विवाह को आर्थिक तंगी के कारण नहीं कर पाते हैं। यह सरकार द्वारा विवाह योजना हेतु एक विशेष प्रकार की मुहीम चलाई गई है, जिसमें अब सभी पात्र लाभार्थी परिवार अपने बेटियों की शादी हेतु सरकार की ओर से दी जाने वाली वित्तीय राशि को प्राप्त कर अपने बेटी का विवाह करवाने में समर्थ हो सकते हैं। निर्धन परिवारों की 18 वर्ष से ऊपर की आयु वाली बेटियों की शादी हेतु लाभ प्राप्त करने हेतु योजना में आवेदन कर सकते हैं। प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत अब विवाह के संबंध में होने वाली कठिनाई को दूर करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश वासियों के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं जिसमें से एक संबल योजना भी है। संबल केवल योजना नहीं है, बल्कि यह गरीबों का सहारा है, बच्चों का भविष्य है, बुजुर्गों का विश्वास है और मां, बहन-बेटियों का सशक्तिकरण है। संबल योजना के माध्यम से निर्धन आबादी को न्याय देना, उनको सुविधाएं देना है।