स्वामी विवेकानंद की जयंती पर सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम आयोजित

शा. उमावि क्र.दो के मैदान में हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम

भिण्ड, 12 जनवरी। स्वामी विवेकानंद की जयंती को युवा दिवस के रूप में मनाया गया। इस उपलक्ष्य में जिला स्तरीय सूर्य नमस्कार का आयोजन शा. उत्कृष्ट उमावि क्र.दो भिण्ड के मैदान में किया गया। जिला स्तरीय सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में भिण्ड विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह, कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में तथा एडीएम राजकुमार खत्री, जनपद भिण्ड अध्यक्ष सरोज बघेल, एसडीएम भिण्ड रवि मालवीय सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों ने मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया।

कार्यक्रम में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन सुबह नौ बजे से किया गया। जिसमें मुख्यमंत्री के संदेश का आकाशवाणी के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। विभिन्न विद्यालयों से आए हुए बच्चों के साथ विधायक भिण्ड नरेन्द्र सिंह कुशवाह एवं कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने भी सूर्य नमस्कार, प्रार्थना मुद्रा, हस्त उत्तानासन, पादहस्तासन, अश्व संचालनासन, दण्डासन, अष्टांग नमस्कार, भुजंगासन, अधोमुख श्वानासन किया। कार्यक्रम का संचालन कर रहे धीरज सिंह गुर्जर ने स्वामी विवेकानंद और उनका जीवन दर्शन के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। योग प्रशिक्षकों द्वारा बच्चों तथा अतिथियों को योग करवाने के साथ-साथ इस से होने वाले लाभों के विषय में भी अवगत कराया गया। कार्यक्रम के अंत में जिला शिक्षा अधिकारी आरपी नागर ने आभार व्यक्त किया।