भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाई स्वामी विवेकानंद की जयंती

भिण्ड, 12 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी एवं युवामोर्चा के कार्यकर्ताओं ने स्वामी विवेकानंद की जयंती पर जैन महाविद्यालय परिसर में स्थित उनकी प्रातिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद युवा कार्यकर्ताओं ने निराश्रित भवन में निवासरत वृद्धजनों को शॉल भेंट कर, स्वल्पाहार एवं फल वितरण किए। कार्यक्रम का आयोजन युवामोर्चा के सह कोषाध्यक्ष सौरभ जैन द्वारा किया गया।

इस अवसर पर भारतीय जनता युवामोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अतुल रमेश पाठक ने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के प्रेरणा स्त्रोत हैं। उन्होंने अपने युवा काल में ही शिकागो में ओजस्वी भाषण देकर देश एवं विदेश के विचारकों को मंत्र मुग्ध कर दिया था। उनके विचार से युवा यदि जागरूक होकर देश के बारे में सोचे तो अवश्य ही हमारा देश विश्व गुरू बन सकता है। भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री धर्मेन्द्र टंटी राजावत ने कहा कि स्वामी विवेकानंद कहते थे कि जैसा आप सोचते हैं वैसा ही आप बन जाएंगे। इसलिए अपने लक्ष्य को हमेशा ऊंचा रखें तभी आप ऊंचाई पर पहुंचेंगे। उनका यह संदेश बहुत ही प्रभावशाली हुआ करता था और युवाओं के लिए आज भी उनके संदेश पर प्रासंगिक है। कार्यक्रम में मण्डल अध्यक्ष अमित जैन, युवा मोर्चा आईटी प्रभारी दीपेश तोमर, सह सोशल मीडिया प्रभारी शेखर खटीक, मण्डल उपाध्यक्ष प्रशांत सोनी, मण्डल मंत्री सूरज बरुआ, अर्पित त्रिपाठी, सन्नी तिवारी आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।