मौ में संपन्न हुआ सूर्य नमस्कार कार्यक्रम

भिण्ड, 12 जनवरी। मौ नगर के शासकीय, अशासकीय विद्यालयों एवं शा. महाविद्यालय मौ में शुक्रवार की सुबह 9:30 बजे विद्यार्थियों को सूर्य नमस्कार अभ्यास कराया गया। उसके पश्चात नासिक में हो रहे राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2024 में राष्ट्रीय युवा दिवस पर आयोजित प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया।

महाविद्यालय के डॉ. विकास कुमार ने विद्यार्थियों को योगाभ्यास कराया और योगाभ्यास के पश्चात सूर्य नमस्कार और प्राणायाम के महत्व पर विचार रखे। उन्होंने बताया कि योग न केवल शारीरिक रूप से, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक रूप से व्यक्ति को सशक्त बनाता है। एक प्रकार से योग व्यक्तित्व निर्माण का साधन है। यही कारण है कि भारत भूमि पर योग के महत्व का पुन: स्मरण होता रहता है। सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में 42 विद्यार्थी और प्राचार्य प्रो. कंसाना सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। शा. महाविद्यालय मौ में नगर परिषद मौ के सहयोग से प्रधानमंत्री के राष्ट्रीय युवा दिवस पर उदबोधन को सीधा प्रसारित किया गया। महाविद्यालय में कुछ निबंध प्रतियोगिताएं भी संपन्न हुईं। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयं सेवकों ने स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. देशराज सिंह ने किया। डॉ. विकास कुमार ने योगाभ्यास करवाया। यह कार्यक्रम शा. बालक उमावि, शा. कन्या उमावि, सरस्वती शिशु विद्या मन्दिर, ग्लोबल इंटर कॉलेज, प्रकाश कॉन्वेंट, कविता कॉन्वेंट, सन्मति स्कूल, शासकीय छात्रावास में भी संपन्न हुआ।