भिण्ड, 30 अक्टूबर। बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक दशहरा एवं राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को नगर गोहद में स्वयं सेवकों ने कार्यक्रम धूमधाम से मनाया एवं पथ संचलन निकाला। पथ संचलन गोहद किला मैदान से प्रारंभ होकर नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए इटायली गेट एवं अटल चौक से होकर समापन किला मैदान पर हुआ। जिला प्रचार प्रमुख श्री अरविंद जी भदोरिया ने बताया कि कार्यक्रम में अतिथि नगर संघ चालक रामनरेश शर्मा, खण्ड कार्यवाह जनक सिंह जाटव मंचासीन रहे तथा खण्ड संघ चालक डॉ. दिलीप सिंह भदौरिया, विभाग घोष प्रमुख हेमंत शर्मा, जिला बौद्धिक प्रमुख संतोष वित्थरिया, खण्ड प्रचार प्रमुख रामशंकर राजपूत इत्यादि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता जिला संघ चालक रामशरण पुरोहित ने संघ की स्थापना दिवस एवं विजयदशमी उत्सव के बारे में विस्तार पूर्वक प्रकाश डालते हुए कहा कि इसी दिन वर्ष 1925 में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की स्थापना डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार जी ने नागपुर में की थी। उन्होंने कहा कि संघ पिछले 98 वर्षों से व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के कार्य में जुटा हुआ है। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का काम समस्त हिन्दू समाज को जागृत कर राष्ट्र निर्माण में उसकी अहम भूमिका बनाने के लिए सदैव प्रयासरत रहता है, संघ की शाखा संस्कार देने का केन्द्र है और यह हर व्यक्ति के लिए सरल सुलभ उपलब्ध है। अंत में दो पंक्ति दौरा कर बौद्धिक खत्म किया। हमें है भारत से प्यार तो यह कहना चाहिए मैं रहूं या ना रहूं भारत रहना चाहिए।