मालनपुर मण्डल में भाजपा पिछडा वर्ग मोर्चा की बैठक आयोजित

भिण्ड, 06 अक्टूबर। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी मालनपुर मण्डल अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए अपने कार्यकर्ताओं को चार्ज करने में जुटी है। महाजन संपर्क अभियान के अलावा कार्यकर्ताओं के साथ बैठकों का दौर भी शुरू हो गया है।
बता दें कि मालनपुर नगर मण्डल में भारतीय जनता पार्टी पिछडा वर्ग मोर्चा की बैठक आयोजित की गई। जिसमें पिछडा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह गुर्जर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मंथन किया गया, पिछडा वर्ग के वोटरों को साधने की जिम्मेदारियां हर मण्डल से आए पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को दी गई, जिसमें अपना बूथ मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को जागरुक किया गया। इस अवसर पर पिछडा वर्ग मोर्चा के विधानसभा प्रभारी अशोक सिंह गुर्जर, मालनपुर मण्डल अध्यक्ष देवेन्द्र गौड, पिछडा वर्ग के मण्डल अध्यक्ष उदय सिंह कुशवाहा, मेघसिंह, पिंकी राजावत, युवा मण्डल अध्यक्ष अनिल शर्मा, राकेश प्रजापति आदि लोग उपस्थित हुए।