गजरथ पंचकल्याणक महोत्सव का आयोजन आठ से 13 जून तक

विहसंत सागर महाराज के सानिध्य में मेला परिसर में होगा आयोजन

भिण्ड, 19 मई। जैन संत उपाध्याय विहसंत सागर महाराज के सानिध्य में शहर के मेला परिसर में गजरथ पंचकल्याणक महोत्सव का आयोजन आगामी आठ से 13 जून तक होने जा रहा है। इस बार यह कार्यक्रम भगवान शांतिनाथ पर केन्द्रित होगा।
शहर के जैन कीर्तिस्तंभ परिसर में जैन संत उपाध्याय विहसंत सागर महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि अभी तक भगवान पाश्र्वनाथ, महावीर स्वामी एवं अन्य तीर्थंकरों के पंचकल्याणक महोत्सव देखे और सुने होंगे। लेकिन इस बार भिण्ड शहर में पहली बार भगवान शांतिनाथ पर केन्द्रित पंच कल्याणक होने जा रहा है। इसका आयोजन भिण्ड शहर के मेला परिसर में आठ से 13 जून तक किया जाएगा। इसमें खास बात यह होगी कि गजरथ महोत्सव में तीन हाथी भगवान के तीन रथों को खींचते हुए समाज के लोगों के साथ नगर भ्रमण करेंगे। उन्होंने बताया कि गजरथ यात्रा से वहां के निवासियों के तीन साल वैभवशाली एवं मंगलकारी होते हैं।
इस मौके पर मौजूद भिण्ड विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने कार्यक्रम में पूरा सहयोग किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस विशाल आयोजन के लिए हमारी ओर से जो भी सहयोग अपेक्षित होगा प्रदान किया जाएगा। पार्षद मनोज जैन ने कार्यक्रम के संबंध में अन्य जानकारियां दीं। इस अवसर पर मुकेश जैन बड़ेरी, डिम्पी जैन आदि समाज के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
पहले दिन होगी कलश यात्रा
विहसंत सागर महाराज ने बताया कि गजरथ पंच कल्याणक महोत्सव के पहले दिवस शहर में कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें 1008 महिलाएं सिर पर जल से भरे कलश लेकर कीर्ति स्तंभ मन्दिर परिसर से चलकर विभिन्न मार्गों से नगर भ्रमण करते हुए मेला परिसर पहुंचेंगी।