भाजपा देश का भगवाकरण करने पर तुली है : भूता

निराश्रितों के बीच मिठाई खिलाकर मनाया कांग्रेस का स्थापना दिवस

भिण्ड, 28 दिसम्बर। कांग्रेस सेवादल द्वारा ‘दल दिवस सप्ताह के तहत निराश्रित भवन भिण्ड में बुजुर्गों को मिठाई खिलाकर कांग्रेस पार्टी का 138वां स्थापना दिवस मनाया गया।
इस अवसर पर कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष संदीप मिश्रा ने कहा कि हमें गर्व है कि हम आज आजाद भारत में कांग्रेस का 138वां स्थापना दिवस मना रहे हैं। उन्होंने केन्द्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा देश के लोगों को जाति व धर्म के नाम पर बांट रही है। यह सब भारतीय संविधान के खिलाफ है, क्योंकि भारतीय संविधान हमे कभी आज्ञा नहीं देता कि हम देश वासियों को धर्म जाति के आधार पर बांटे।
व्यापार कांग्रेस के अध्यक्ष संजय भूता ने कहा कि भाजपा देश का भगवाकरण करने पर तुली है, जो कि आरएसएस की खतरनाक सोच पर आधारित है, जिसके आने वाले समय में गंभीर परिणाम होंगे। कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. अनिल भारद्वाज ने कहा कि देश को आजाद कराने के लिए जिन महापुरुषों ने त्याग और बलिदान दिया। उनके मूल्य सिद्धांतों को कांग्रेस पार्टी ने हमेशा सत्ता में रहकर भी पूर्ण रूप से सहजने का कार्य किया, परंतु वर्तमान में सत्तासीन ताकतें उसको मिटाने का कार्य कर रही हैं। उनकी सरकार में गणतंत्र और संविधान के उद्देश्यों की आए दिन हत्या की जा रही है। इस अवसर पर शैलेन्द्र भदौरिया, अशोक गुप्ता, दुष्ययंत सिंघाई, थारू चौहान, अरविंद सोनी, आयुष मिश्रा, मोनू राजावत, अमित सिंह निर्माण, राजेश शाक्य, अंकित यादव आदि ने बुजुर्गों को मिठाई खिलाकर कांग्रेस का स्थापना दिवस मनाया।