जिला उपाध्यक्ष नरवरिया कांग्रेस को दिया झटका, आप पार्टी में हुए शामिल

मेहगांव में आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम आयोजित

भिण्ड, 26 सितम्बर। कांग्रेस पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष अशोक सिंह नरवरिया ने कांग्रेस पार्टी को छोड़कर आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। इनकी नियुक्ति 2018 में निवर्तमान जिलाध्यक्ष जयश्रीराम बघेल ने की थी। सोमवार को इन्होंने मेहगांव में चल रहे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता संवाद मंच पर अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ नेता विवेक शर्मा के नेतृत्व में जिलाध्यक्ष डॉ. उमाशंकर मिश्रा के हाथों टोपी पहनकर आप पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की।
आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद अशोक नरवरिया ने कहा कि वे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सरकार की नीति, नियत और काम से प्रभावित होकर आप में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले के अंदर बीजेपी को हराने का काम केवल आप पार्टी ही कर सकती है।
पार्टी के जिलाध्यक्ष डॉ. उमाशंकर मिश्रा ने कहा कि अभी जो सीट आपको दी गई है। उसे भर कर सात दिन के अंदर में विधानसभा प्रभारी के पास या जिला कार्यालय पर जमा कर दें। पार्टी और संगठन को मजबूत बनाने के लिए गांव और शहर के वार्डों में आप के कार्यकर्ता जोडऩे का कार्य करेंगे।
कार्यकर्ता संवाद की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ नेता विवेक शर्मा ने कहा कि आज दिल्ली मॉडल की चर्चा देश में ही नहीं वल्कि विश्व के सबसे बड़े ताकतवर देश अमेरिका के बड़े अखबार ने भी लिखा है। भारत में गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों की शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए दिल्ली सरकार द्वारा नि:शुल्क शिक्षा क्रांति चलाई जा रही है। कार्यक्रम में जिला सचिव धीरज गुप्ता, अनिल शर्मा, राधामोहन दांतरे, राजेश गुर्जर, मनीष खान, लाखाराम शर्मा, ऋषि दुवे, भगवान सिंह कुशवाह, प्रकाश सिंह कुशवाह, सचयेन्द्र नरवरिया, नरोत्तम नरवरिया, सनी यादव, सज्जाद खान, सुरेश कुमार बाबू, मनोज शर्मा, रामरूप राजौरिया आदि सक्रिय कार्यकर्ता मौजूद रहे।